बक्सर में रिश्वतखोर सब इंस्पेक्टर को निगरानी ने रंगे हाथ पकड़ा, जमीन विवाद में मांगे थे पैसे
बक्सर के ब्रह्मपुर थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर नीरज पासवान को निगरानी विभाग ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। ...और पढ़ें

सब इंस्पेक्टर को निगरानी ने रंगे हाथ पकड़ा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
ब्रह्मपुर सब इंस्पेक्टर नीरज पासवान रिश्वत लेते गिरफ्तार।
निगरानी विभाग ने सरकारी आवास पर की छापेमारी।
जमीन विवाद मामले में मांगी थी रिश्वत।
संवाद सहयोगी, ब्रह्मपुर (बक्सर)। जमीन से जुड़े एक मामले में रिश्वत लेने के आरोप में निगरानी विभाग की टीम ने शुक्रवार को ब्रह्मपुर थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर नीरज पासवान को पकड़ लिया। पटना से पहुंची निगरानी टीम ने सुबह करीब 11 बजे उनके सरकारी आवास पर छापेमारी की। इस दौरान आवास से रुपये बरामद किए गए। साथ ही उनका सरकारी रिवाल्वर भी जब्त कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में सब इंस्पेक्टर पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। निगरानी विभाग की टीम ने पहले शिकायत के आधार पर रिश्वत मांगे जाने के आरोप का सत्यापन किया। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उनके सरकारी आवास पर छापेमारी की और उन्हें पकड़ लिया।
इंस्पेक्टर को पूछताछ के लिए होटल ले गए
कार्रवाई के बाद निगरानी विभाग के अधिकारी सब इंस्पेक्टर को पूछताछ के लिए एक होटल में ले गए। अधिकारियों ने पूछताछ के बाद ही मामले में विस्तृत जानकारी देने की बात कही है। फिलहाल निगरानी विभाग की कार्रवाई जारी है। छापेमारी की सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि सब इंस्पेक्टर के कामकाज और व्यवहार को लेकर क्षेत्र में पहले से भी चर्चाएं होती रही हैं। हालांकि, निगरानी विभाग की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही रिश्वत की राशि, बरामद रुपये और आगे की कानूनी कार्रवाई के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
