विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ड्राइवर की सूझबूझ से बची सिकंदराबाद एक्सप्रेस, बक्सर में ओएचई तार में फंसा पेंटो; घंटों फंसी रहीं कई ट्रेनें

Published: Thu, 08 Oct 2026 07:56 PM (IST)

पटना-डीडीयू रेलखंड पर बारे कलां हाल्ट के पास सिकंदराबाद एक्सप्रेस के इंजन का पेंटो ओवरहेड वायर में फंस गया, जिससे करीब दो घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा।

सिकंदराबाद एक्सप्रेस के इंजन का पेंटो फंसा। (जागरण)

सिकंदराबाद एक्सप्रेस के इंजन का पेंटो फंसा। (जागरण)

HighLights

  1. सिकंदराबाद एक्सप्रेस का पेंटो ओएचई तार में फंसा।

  2. पटना-डीडीयू रेलखंड पर दो घंटे यातायात बाधित।

  3. असामाजिक तत्वों की संलिप्तता की आशंका, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, बक्सर। पटना-डीडीयू रेलखंड पर गुरुवार की दोपहर बारे कलां हाल्ट के पास सिकंदराबाद एक्सप्रेस के इंजन के पेंटो में ओवरहेड वायर (ओएचई) फंसने से अप लाइन पर रेल यातायात करीब दो घंटे तक ठप रहा।

चालक की सूझबूझ से ट्रेन को सुरक्षित रोक लिया गया। यांत्रिक टीम द्वारा मरम्मत के बाद शाम 4:40 बजे परिचालन बहाल हो सका। शुरुआती जांच में सामने आया है कि असामाजिक तत्वों द्वारा गार्ड राड ढीला किए जाने की आशंका सामने आई है।

दानापुर रेल मंडल अंतर्गत बिहार के चौसा और उत्तर प्रदेश के गहमर स्टेशन के बीच स्थित बारे कलां हाल्ट (गाजीपुर) के पास यह हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ।

बक्सर से रवाना हुई सिकंदराबाद एक्सप्रेस जब यहां से गुजर रही थी, तभी ढीला होकर लटक रहा ओएचई तार इंजन के पेंटो में उलझ गया।

सूचना पर आरा, दिलदारनगर और बक्सर से यांत्रिक विभाग की टीमें दो-दो टावर वैगन लेकर पहुंचीं। इंजीनियरों ने आनन-फानन में गार्ड राड को कसकर तार को दुरुस्त किया।

सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने असामाजिक तत्वों की संलिप्तता की आशंका जताते हुए बताया कि मामले की जांच चल रही है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

तीन प्रमुख ट्रेनें हुईं प्रभावित

इस व्यवधान के कारण अप लाइन की कई प्रमुख ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर फंसी रहीं। बक्सर स्टेशन प्रबंधक रजत सक्सेना के अनुसार, भागलपुर-सूरत एक्सप्रेस दोपहर 2:49 बजे से प्लेटफार्म संख्या 2 पर और मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस शाम 4:03 बजे से प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर खड़ी रही, जबकि ब्रह्मपुत्र मेल को स्टेशन से पहले ही रोक दिया गया।

ट्रैक दुरुस्त होने के बाद तीनों ट्रेनों को बारी-बारी से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

यह भी पढ़ें- बिहार संपर्क क्रांति समेत कई ट्रेनों के बदले रूट, दरभंगा से 10 को यात्रा करने से पहले जानें नया मार्ग