जिस दिन जाना था बेटी का तिलक लेकर, उसी दिन उठी पिता की अर्थी; बक्सर में ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा सवार की मौत
बक्सर में बेटी के तिलक समारोह की तैयारी कर रहे मदन साह की सड़क हादसे में मौत हो गई। ई-रिक्शा को ट्रक ने टक्कर मारी, जिससे घर की खुशियां मातम में बदल गईं।
-1795611085635_m.webp)
बक्सर में ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा सवार की मौत (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
बेटी के तिलक समारोह से पहले पिता की मौत।
बक्सर में ई-रिक्शा को ट्रक ने मारी टक्कर।
खुशियां मातम में बदली, परिवार में कोहराम।
संवाद सहयोगी, नावानगर (बक्सर)। बेटी की शादी के लिए तिलक समारोह की तैयारियों में जुटे कड़सर निवासी मदन साह की मंगलवार की शाम हुए सड़क हादसे में मौत हो गई।
मंगलवार को ही तिलक लेकर वर पक्ष के घर जाना था। इसके लिए घर में तैयारियां लगभग पूरी हो गई थीं। वह स्वयं निकटवर्ती बाजार रोहतास जिले के मलियाबाग से फल और मिठाई खरीदकर ई रिक्शा पकड़कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरा-मोहनिया एनएच-319 पर गांव के समीप पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी।
रास्ते में ही मदन साह ने दम तोड़ दिया
हादसे में मदन साह और ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों और स्वजन ने दोनों को इलाज के लिए आरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
हालांकि, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही मदन साह ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल ई-रिक्शा चालक का पटना में इलाज चल रहा है।
ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा सवार की मौत
मदन साह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटी के तिलक समारोह को लेकर घर में चल रही तैयारियों और खुशियों की जगह अब मातम पसरा है। मृतक अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोनवर्षा थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कड़सर गांव के पास ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा सवार एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि चालक का इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: शादी में दूल्हे के बगल से चलीं गोलियां, दुनाली लेकर ऐसा क्या करने लगा युवक? वीडियो ने खोली पोल