विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News: शादी में दूल्हे के बगल से चलीं गोलियां, दुनाली लेकर ऐसा क्या करने लगा युवक? वीडियो ने खोली पोल

Published: Wed, 25 Nov 2026 04:36 PM (IST)

बक्सर के नवानगर में एक तिलक समारोह के दौरान दूल्हे के बगल में बैठे युवक ने दुनाली बंदूक से फायरिंग की, जिसका वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर बंदूक जब्त कर ली है, और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

दूल्हे के बगल में बैठा युवक, फिर गूंजने लगीं गोलियां

दूल्हे के बगल में बैठा युवक, फिर गूंजने लगीं गोलियां

HighLights

  1. नवानगर में तिलक समारोह में युवक ने की फायरिंग।

  2. दूल्हे के बगल में बैठकर दुनाली बंदूक से चलाई गोली।

  3. वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।

संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। बिहार में शादी-विवाह के समारोहों में हथियारों का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। बक्सर के नवानगर में तिलक समारोह के दौरान दूल्हे के ठीक बगल में बैठकर एक युवक ने दुनाली बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आरोपी युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही फायरिंग में इस्तेमाल की गई बंदूक भी जब्त कर ली गई है।

दूल्हे के बगल में बैठा युवक, फिर गूंजने लगीं गोलियां

मंगलवार की रात कोरान सराय से नवानगर पहुंचे एक तिलक समारोह का वीडियो सामने आया है। इसमें पीले कुर्ते में बैठा एक युवक दूल्हे के बगल में नजर आ रहा है। इसी दौरान वह दुनाली बंदूक से फायरिंग करता दिखाई देता है।

शादी जैसे मांगलिक आयोजन में इस तरह हथियार का इस्तेमाल देखकर लोग हैरान हैं। वीडियो वायरल होते ही मामला पुलिस तक पहुंच गया और कार्रवाई शुरू कर दी गई।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और बंदूक भी जब्त कर ली गई। एएसपी भास्कर रंजन ने बताया कि पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई की है। फिलहाल इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

शादी में दिखावे की कीमत पहले भी चुका चुके हैं परिवार

हर्ष फायरिंग की घटनाएं केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं हैं, बल्कि शादी समारोहों में शामिल लोगों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा हैं। बक्सर के अलग-अलग इलाकों में पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान गई है। कुछ पलों के दिखावे और कथित शान के चक्कर में कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छिन गईं।

नवानगर के अमीरपुर में बरात के दौरान चली गोली, दूल्हे की मौत

कुछ वर्ष पहले नवानगर थाना क्षेत्र के अमीरपुर गांव में बरात के दौरान द्वार पूजा के समय फायरिंग हुई थी। इस घटना में गोली लगने से दूल्हे की मौके पर ही मौत हो गई थी। जिस घर में नई बहू के स्वागत और वैवाहिक जीवन की शुरुआत की तैयारी थी, वहां अचानक मातम पसर गया। यह घटना आज भी हर्ष फायरिंग के खतरों की गंभीर याद दिलाती है।

अकोढ़ी गांव में मजदूर की गई थी जान

इसी प्रखंड के अकोढ़ी गांव में भी बरात के दौरान द्वार पूजा के समय गोली चलने से एक मजदूर की मौत हो गई थी। मुरार थाना क्षेत्र के ठोरी पांडेयपुर गांव से आई बरात में डाल-दउरा लेकर पहुंचे गिनई साहु को गोली लगी थी।

इस हादसे ने एक परिवार को गहरा सदमा दिया था। वहीं, पिछले वर्ष सिमरी थाना क्षेत्र के लहना गांव में तिलक समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में रामरूप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

हथियारों का प्रदर्शन कैसे बन रहा शादी की शान?

ग्रामीण इलाकों में कुछ आयोजनों के दौरान हथियारों का प्रदर्शन सामाजिक प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जाने लगा है। कई बार लोग शादी समारोहों में अपनी ताकत और रसूख दिखाने के लिए हथियार लेकर पहुंचते हैं।

नशे की हालत में हथियारों का इस्तेमाल इस खतरे को और गंभीर बना सकता है। सवाल यह है कि आखिर खुशियों के मौके पर हथियारों का प्रदर्शन कब तक सामाजिक शान समझा जाता रहेगा?

प्रबुद्धजनों ने कहा- दिखावे के लिए खतरे में न डालें जिंदगी

युवा समाजसेवी गुड्डू सिंह और आमसारी के श्रीकृष्ण सिंह का कहना है कि लोग जानबूझकर अपनी खुशियों को खतरे में डालते हैं। वहीं, डॉ. मनीष कुमार शशि के अनुसार सामाजिक प्रतिष्ठा दिखाने की गलत मानसिकता ऐसी घटनाओं की बड़ी वजह है। उनका मानना है कि उत्सवी माहौल में हथियारों का प्रदर्शन किसी भी सूरत में उचित नहीं है।

पुलिस की सख्ती से ही थमेगा हर्ष फायरिंग का सिलसिला

एएसपी भास्कर रंजन ने बताया कि नवानगर में तिलक समारोह के दौरान दूल्हे के बगल में बैठकर फायरिंग करने का वीडियो वायरल होते ही युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। हथियार भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। अब जरूरत है कि शादी-विवाह जैसे आयोजनों में हर्ष फायरिंग के खिलाफ सख्ती के साथ सामाजिक जागरूकता भी बढ़ाई जाए, ताकि खुशियों का समारोह किसी परिवार के लिए जिंदगीभर का दुख न बन जाए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।