बक्सर में तस्करों का अनोखा पैंतरा फेल, बाहर से खाली दिख रहे ट्रक के तहखाने से 859 लीटर विदेशी शराब बरामद
बक्सर में शराब तस्करों ने पुलिस की आँखों में धूल झोंकने के लिए ट्रक के भीतर एक विशेष तहखाना बनाया था, लेकिन उनकी यह चाल नाकाम रही।
-1795615823449_m.webp)
ट्रक के तहखाने से 859 लीटर विदेशी शराब बरामद (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
तस्करों ने ट्रक में विशेष तहखाना बनाकर की शराब तस्करी।
पुलिस ने 859.650 लीटर विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी।
कोरान सराय पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा।
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। शराब तस्करी के लिए तस्कर किस तरह नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं इसकी बानगी कोरान सराय-मठिला मार्ग पर देखने को मिली।
पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए तस्करों ने ट्रक के भीतर ही विशेष तरीके से तहखाना बना रखा था। बाहर से ट्रक पूरी तरह खाली दिखाई दे रहा था, लेकिन उसके भीतर शराब की बड़ी खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी।
हालांकि तस्करों की यह चाल पुलिस की सतर्कता के आगे काम नहीं आई। कोरान सराय पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए ट्रक से 859.650 लीटर विदेशी शराब बरामद की और चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार चालक की पहचान कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के बड़का ढकाईच गांव निवासी जितेंद्र पासवान, पिता स्व. हरिनारायण पासवान के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पुलिस को ट्रक से शराब की खेप ले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कोरान सराय-मठिला मार्ग पर वाहन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।
बाहर से खाली दिख रहे ट्रक में शुरुआत में शराब होने का अंदेशा नहीं हुआ, लेकिन चालक की घबराहट और संदिग्ध गतिविधियों ने पुलिस का संदेह बढ़ा दिया। इसके बाद जब ट्रक की बारीकी से जांच की गई तो अंदर बना गुप्त तहखाना सामने आया और उसे खोलते ही शराब की पेटियां बरामद हुईं।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शराब की यह खेप उत्तर प्रदेश से लाई जा रही थी। चालक के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क और मुख्य सरगना तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।