विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर की पंचकोसी परिक्रमा शुरू: अहिरौली में आंचल पर थिरके नर्तक, पुआ-पकवान की खुशबू से महका मेला

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:56 PM (IST)

बक्सर में पंचकोसी परिक्रमा का पहला पड़ाव अहिरौली में शुरू हुआ, जहां माता अहिल्या मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। 

बक्सर में पंचकोसी परिक्रमा करते श्रद्धालु। (जागरण)

बक्सर में पंचकोसी परिक्रमा करते श्रद्धालु। (जागरण)

HighLights

  1. अहिरौली में पंचकोसी परिक्रमा का पहला पड़ाव शुरू हुआ।

  2. माता अहिल्या मंदिर में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की।

  3. हुड़ुका नृत्य और पारंपरिक पकवानों से लोकजीवन जीवंत हुआ।

शुभ नारायण पाठक, बक्सर। कहीं माता अहिल्या के मंदिर में जलते श्रद्धा के दीप, कहीं आंचल पर हुड़ुका की थाप पर थिरकते नर्तक और कहीं पुआ-पकवान की सोंधी खुशबू।

आस्था, परंपरा और लोकजीवन का ऐसा अनूठा संगम रविवार को पंचकोसी परिक्रमा के पहले पड़ाव अहिरौली में दिखाई दिया।

पांच दिनों तक चलने वाली इस यात्रा का शुभारंभ होते ही सिद्धाश्रम बक्सरधाम की धरती श्रद्धालुओं से गुलजार हो उठी। गांवों की पगडंडियों से लेकर मंदिर परिसर तक हर ओर रामनाम की गूंज और मेले का उल्लास नजर आया।

किसी के लिए यह भगवान श्रीराम की स्मृतियों से जुड़ने का अवसर था, तो किसी के लिए पीढ़ियों से चली आ रही पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प। बुजुर्गों के साथ बच्चे, महिलाएं और युवाओं की टोलियां भी इस यात्रा में शामिल हुईं।

पंचकोसी परिक्रमा के पहले दिन तड़के संत-महात्माओं का जत्था रामरेखा घाट पहुंचा। गंगा स्नान और विधिवत पूजन के बाद बसांव पीठाधीश्वर अच्युत प्रपन्नाचार्य जी महाराज के सान्निध्य में पंचकोसी यात्रा समिति के लोग, संतजन और श्रद्धालुओं का जत्था अहिरौली के लिए रवाना हुआ।

यहां माता अहिल्या मंदिर में पूजा-अर्चना कर दीप जलाए गए। मान्यता है कि त्रेतायुग में विश्वामित्र के साथ सिद्धाश्रम पहुंचे भगवान श्रीराम ने अपने चरण स्पर्श से गौतम ऋषि की पत्नी अहिल्या का उद्धार किया था।

इसी स्मृति में श्रद्धालु पहले पड़ाव पर पहुंचकर माता अहिल्या की पूजा करते हैं। मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

बक्सर के विभिन्न इलाकों के अलावा भोजपुर, रोहतास, कैमूर और उत्तर प्रदेश के बलिया व गाजीपुर के सीमावर्ती गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

आंचल पर हुड़ुका नाच, मन्नतों के साथ जुड़ी परंपरा

अहिरौली की पंचकोसी यात्रा की सबसे विशिष्ट परंपराओं में शामिल आंचल पर हुड़ुका नाच के प्रति महिलाओं में विशेष उत्साह दिखा। महिलाएं अपनी साड़ी का आंचल जमीन पर बिछाकर उस पर नर्तकों से हुड़ुका की थाप पर नृत्य कराती दिखीं।

बलिया जिले के नरही से आईं कंचन देवी ने बताया कि इस परंपरा के निर्वहन से संतानहीन महिलाओं को संतान सुख मिलता है और संतान की दीर्घायु की कामना पूरी होती है। दिनारा क्षेत्र की आशा देवी ने बताया कि उनके परिवारों में पीढ़ियों से इस परंपरा का निर्वहन होता आ रहा है।

उनके अनुसार, परिवार की बुजुर्ग महिलाएं भी हर साल पंचकोसी यात्रा में आकर यह अनुष्ठान करती थीं। ग्रामीण इलाकों से आई महिलाओं के साथ आधुनिक परिवेश की युवतियां भी इस परंपरा में शामिल हुईं। पुरुषों ने भी महिलाओं का साथ दिया।

पुआ-पकवान और जलेबी में दिखी भोजपुरी संस्कृति की मिठास

धार्मिक अनुष्ठानों के साथ अहिरौली का मेला ग्रामीण जीवन की रंगीन तस्वीर भी पेश करता रहा। मंदिर के आसपास सैकड़ों अस्थायी दुकानें सजी थीं।

कहीं गुड़ की जलेबी और कढ़ी-बड़ी की खुशबू थी तो कहीं चूड़ी, बिंदी, टिकुली, खिलौने और पूजा सामग्री की दुकानें महिलाओं और बच्चों को आकर्षित कर रही थीं। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और चरखियां लगाई गई थीं।

पारंपरिक व्यंजनों के साथ छोले, पानीपुरी, चाउमीन और बर्गर के स्टालों पर भी भीड़ रही। चाट दुकानदार राकेश ने बताया कि वह हर साल मेले में दुकान लगाते हैं और यहां अच्छा कारोबार हो जाता है।

श्रद्धालुओं ने दिन में गुड़ की जलेबी, कढ़ी-बड़ी और चावल का प्रसाद ग्रहण किया, जबकि रात में पुड़ी और पुआ का आनंद लिया। ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाओं के लिए यह धार्मिक यात्रा के साथ मेल-मिलाप और खरीदारी का भी अवसर बनी।

यह भी पढ़ें- 204 साल पहले सोनपुर मेले में लगे थे 50 राजा और 50 नवाबों के शाही खेमे, बिके थे 50000 घोड़े

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।