दीपावली के बाद घर में बंद हो जाता है लहसुन-प्याज, बक्सर के मुस्लिम मुखिया का छठ के लिए गजब समर्पण
बक्सर के कनझरुआं पंचायत के मुखिया मो. असगर अली अपनी मन्नत पूरी होने के बाद से लगातार छठ पूजा का ...और पढ़ें

असगर अली के आंगन में छठ के गीत, पीली धोती पहनकर करते हैं व्रत (जागरण)
HighLights
मुस्लिम मुखिया असगर अली निभा रहे छठ पूजा का व्रत।
मन्नत पूरी होने पर 2021 से कर रहे निर्जला उपवास।
यह पर्व सांप्रदायिक सौहार्द और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता दर्शाता है।
रंजीत कुमार पांडेय, डुमरांव (बक्सर)। आस्था जब संकीर्ण सीमाओं से ऊपर उठती है, तो भाईचारे की खूबसूरत तस्वीर उभर आती है। लोक आस्था के महापर्व छठ (Chhath Puja 2026) पर कनझरुआं पंचायत के मुखिया मो. असगर अली इसकी अनूठी मिसाल पेश कर रहे हैं।
मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखने वाले असगर अली अब तक लगातार चार बार निर्जला व्रत रखकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर चुके हैं।
इस बार परिवार में जन्म सूतक होने के कारण वह स्वयं अनुष्ठान नहीं कर रहे हैं, लेकिन पड़ोसी के माध्यम से छठ पूजा कराएंगे। उनका संकल्प है कि जीवनभर इस परंपरा को निभाते रहेंगे।
असगर बताते हैं कि वर्ष 2016 में पंचायत चुनाव के दौरान उन्होंने छठी मइया से मनौती मांगी थी कि यदि वह मुखिया निर्वाचित हुए, तो जीवनभर निर्जला व्रत रखकर छठ करेंगे।
उस चुनाव में उन्हें महज 55 वोटों से हार मिली थी। वर्ष 2021 के चुनाव में उनकी मनौती पूरी हुई और वह अल्पसंख्यक समुदाय से होने के बावजूद कनझरुआं पंचायत के मुखिया निर्वाचित हुए।
इसके बाद उन्होंने अपने संकल्प को निभाते हुए सपरिवार छठ व्रत शुरू किया। पीले वस्त्र धारण कर गांव कमधरपुर के तालाब स्थित छठ घाट पर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। तब से यह सिलसिला लगातार जारी है।
दीपावली के बाद लहसुन-प्याज तक छोड़ देता है परिवार
इस आस्था में पत्नी रजिया बेगम, बेटे आफताब आलम, आरिफ और अरशद तथा बेटियां मुस्कान, सबीना और कायनात भी बराबर की सहभागी हैं।
परिवार के साथ आसपास के मुस्लिम परिवारों का भी उन्हें सहयोग मिलता है। छठ की पवित्रता और नियमों के प्रति समर्पण ऐसा है कि दीपावली के बाद से ही घर के सदस्य लहसुन-प्याज का सेवन तक बंद कर देते हैं।
छठ को प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व मानते हैं असगर
असगर का मानना है कि छठ किसी एक धर्म या समुदाय का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाली सूर्योपासना है। यह त्याग, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का संदेश देता है।
उनका कहना है कि हिंदू-मुस्लिम एक-दूसरे के धार्मिक अनुष्ठानों में सम्मानपूर्वक सहभागी बनें तो आपसी विश्वास और सामाजिक एकता और मजबूत होगी।
उनके लिए छठ केवल मनौती पूरी होने का माध्यम नहीं, बल्कि इंसानियत के रिश्ते को सींचने और समाज को जोड़ने का अवसर है।
यह भी पढ़ें- छठी मइया की मन्नत से घर में गूंजी किलकारी, तो पत्नी ने किया व्रत; 14 वर्षों से घाटों पर सेवा दे रहे मनीर आलम