खिलाने-पिलाने के बहाने घर से बुलाया, सुबह नहर में उतराती मिली लाश; बक्सर में हत्या के बाद 6 घंटे तक बवाल
बक्सर के धनसोई थाना क्षेत्र में एक 30 वर्षीय युवक का शव नहर में मिला। मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उनके बेटे को खिलाने-पिलाने के बहाने ले गए और उसकी हत्या कर दी।

मामले की जांच करती पुलिस (सौ. जागरण)
HighLights
बक्सर में नहर से मिला 30 वर्षीय युवक का शव।
मां ने खिलाने-पिलाने के बहाने हत्या का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर गिरफ्तारी की मांग की।
संवाद सहयोगी, धनसोई (बक्सर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मनिया गांव के पश्चिम चौसा लाइन मुख्य नहर में शुक्रवार की अलसुबह दुल्फा गांव निवासी करीब 30 वर्षीय ब्रजेश कुशवाहा उर्फ गोल्डन का शव मिला।
मृतक की मां देवंती देवी ने आरोप लगाया है कि गुरुवार शाम घर आए तीन-चार लोग उनके इकलौते बेटे को खिलाने-पिलाने के बहाने ले गए और नशा खिलाकर उसकी हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची धनसोई पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
बाइक से छोड़ने जाने के दौरान घटना हुई
ग्रामीणों के अनुसार, ब्रजेश को बुलाने के बाद गांव स्थित उसके दालान पर देर रात तक चिकन-शराब की पार्टी चली, जिसमें करीब आधा दर्जन लोग शामिल थे। चर्चा है कि इसी बीच किसी को बाइक से छोड़ने जाने के दौरान यह घटना हुई। पुलिस को घटनास्थल से आलू-प्याज जैसे किराना सामान और तीन-चार जोड़ी चप्पलें बरामद हुई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नहर पर शव रखकर वरीय अधिकारियों को बुलाने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ गौरव पाण्डेय ने निष्पक्ष जांच और 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत कराया, जिसके बाद करीब छह घंटे की मशक्कत से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
मिट्टी भराई का कारोबार शुरू किया
मृतक ब्रजेश ने करीब एक वर्ष पूर्व धनसोई थाना मोड़ के समीप बाइक मैकेनिक की दुकान खोली थी, लेकिन वह नहीं चलने पर उसने ट्रैक्टर खरीदकर खेती व मिट्टी भराई का कारोबार शुरू किया था।
उसके परिवार में पत्नी सबिता देवी, पांच वर्षीय बेटा और चार वर्षीय बेटी हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- विधायक बनाने का झांसा दे शिक्षिका से रेप और ब्लैकमेलिंग! बक्सर के स्कूल से गया पुलिस ने 'मिस्टर राइट' को दबोचा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।