कार्तिक पूर्णिमा: आस्था की डुबकी और दीपों का उत्सव, दिव्य स्वरूप में दिखेगा बक्सर का रामरेखाघाट
बक्सर के रामरेखाघाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इस दौरान 51 हजार दीपों से भव्य दीपोत्सव और महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिससे घाट का दृश्य मनोहारी दिखेगा।

आस्था की डुबकी और दीपों का उत्सव, दिव्य स्वरूप में दिखेगा रामरेखाघाट (जागरण फोटो)
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर बक्सर के रामरेखाघाट पर गंगा स्नान।
51 हजार से अधिक दीपों से भव्य दीपोत्सव का आयोजन।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार स्नान से पापों का नाश।
जागरण संवाददाता, बक्सर। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को गंगा स्नान के लिए आसपास के जिलों से श्रद्धालुओं का बक्सर आगमन शुरू हो गया है। जिले के प्रसिद्ध पौराणिक रामरेखाघाट पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
शैव और वैष्णव, दोनों संप्रदायों में इस पर्व का विशेष धार्मिक महत्व है। पिछले दो-तीन दिनों से मौसम के बिगड़े मिजाज के बाद सोमवार को खिली धूप ने राहत दी। मौसम अनुकूल रहने और ठंड का असर कम होने से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गंगा स्नान के लिए पहुंचने की संभावना है।
घाट के पुरोहितों के अनुसार श्रद्धालुओं के आगमन का सिलसिला सोमवार देर शाम से ही शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में लोग एक दिन पहले ही बक्सर पहुंचने वाले लोग रात्रि विश्राम करेंगे। कारण मंगलवार की अलसुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा स्नान शुरू हो जाएगा।
आसपास के क्षेत्रों से आने वाली हजारों महिलाएं ट्रेन से रामरेखाघाट पहुंचती हैं और स्नान के बाद सुबह की पैसेंजर ट्रेनों से अपने गंतव्य के लिए लौट जाती हैं। सुबह चार से पांच बजे के बीच बक्सर से खुलने वाली ट्रेनों से श्रद्धालुओं का लौटना शुरू हो जाता है।
हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा के स्नान को अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण किया था, जबकि भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर त्रिपुरारी कहलाए।
रामेश्वरनाथ मंदिर के पुजारी पंडित अवधेश पांडेय और विक्की बाबा ने पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर बताया कि मंगलवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं के गंगा स्नान का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
कर्मकांडी पंडित अमरेंद्र कुमार मिश्र के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर कुश लेकर गंगा स्नान करने से सात जन्मों के पापों का नाश होता है, जबकि तिल स्नान करने से शनिदोष से मुक्ति मिलती है।
51 हजार दीपों से जगमगाएगा रामरेखाघाट:
कार्तिक पूर्णिमा की संध्या रामरेखाघाट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन होगा। मां गंगा की महाआरती के साथ घाट को 51 हजार से अधिक दीपों से रोशन किया जाएगा। दीपों की जगमगाहट से घाट का दृश्य अत्यंत मनोहारी और आकर्षक होगा।
इस आयोजन को लेकर विभिन्न संस्थाएं तैयारियों में जुटी हैं। श्रद्धालु भी घरों से कम से कम पांच दीप लेकर मां गंगा को अर्पित करेंगे। गंगा आरती और दीपोत्सव के इस भव्य आयोजन को देखने के लिए शाम को भी बड़ी संख्या में लोगों के घाट पहुंचने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।