विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर में दादी की पेंशन हड़पने के लिए रची 22 हजार की छिनैती की झूठी कहानी, पोता गिरफ्तार

Published: Wed, 04 Nov 2026 03:17 PM (IST)

बक्सर में दादी की पेंशन के 22 हजार रुपये हड़पने के लिए पोते ने लूट की झूठी कहानी गढ़ी। पुलिस ...और पढ़ें

छिनैती की झूठी कहानी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

छिनैती की झूठी कहानी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

जागरण संवाददाता, बक्सर। नगर थाना क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित अस्पताल रोड में मंगलवार शाम बाइक सवार अपराधियों द्वारा 22 हजार रुपये छीने जाने की सूचना फर्जी निकली। दादी के पेंशन के रुपये हड़पने के लालच में झूठी कहानी गढ़ने वाले कथित पीड़ित युवक को पुलिस ने प्राथमिकी कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के अनुसार, मंगलवार शाम सिविल लाइन निवासी स्व. गौरी लाल के पुत्र मनीष कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को सूचना दी कि बैंक से 22 हजार रुपये निकालकर लौटते समय बाइक सवार दो अपराधियों ने उससे रकम छीन ली। 

सरेशाम छिनैती की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं, युवक से पूछताछ की और उसके बताए हुलिए के आधार पर गश्ती गाड़ियां अपराधियों की तलाश में दौड़ पड़ीं।

छिनैती की मनगढ़ंत कहानी रची

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर छिनैती का मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद जब पुलिस ने कथित पीड़ित मनीष कुमार से सख्ती से पूछताछ की, तो सच्चाई सामने आ गई। 

पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपनी दादी के बैंक खाते से पेंशन के 22 हजार रुपये निकालकर पुराने अस्पताल रोड से जा रहा था। रास्ते में लालच आ जाने पर उसने पूरी रकम खुद रखने के लिए छिनैती की मनगढ़ंत कहानी रच दी थी। झूठी अफवाह फैलाकर पुलिस को घंटों हलकान करने के आरोप में पुलिस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें- बक्सर स्टेशन पर आनंद विहार-पटना सुविधा एक्सप्रेस के इंजन का ब्रेक जाम, डेढ़ घंटे तक फंसी रही ट्रेन


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।