विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घटिया सामान से मरम्मत के बाद घंटों में खराब हो रहीं स्ट्रीट लाइटें! डुमरांव में एजेंसी पर कार्रवाई की तैयारी

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:09 PM (IST)

डुमरांव में नगर परिषद द्वारा लगाई गई स्ट्रीट लाइटें मरम्मत के बाद भी जल्द खराब हो रही हैं, जिस पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। खराब गुणवत्ता वाले सामान के इस्तेमाल के कारण एजेंसी को नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

घंटों में खराब हो रहीं स्ट्रीट लाइटें (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

घंटों में खराब हो रहीं स्ट्रीट लाइटें (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. मरम्मत के बाद भी स्ट्रीट लाइटें जल्द खराब हो रही हैं।

  2. घटिया सामान के उपयोग पर नगर परिषद ने नाराजगी जताई।

  3. एजेंसी को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। शहर की गलियों और सड़कों को रोशन करने के लिए नगर परिषद की ओर से लगाई गई स्ट्रीट लाइटों के लगातार खराब होने की शिकायत पर अब प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। 

पिछले वर्ष डबल ईएसएल कंपनी की ओर से शहर में लाइटें लगाई गई थीं। इनमें आधे से अधिक लाइटें खराब हो चुकी हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर परिषद ने संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी किया है। इसके बाद एजेंसी की ओर से खराब लाइटों की मरम्मत शुरू कराई गई है।

अब तक करीब 200 लाइटों की मरम्मत

बताया जा रहा है कि अब तक करीब 200 लाइटों की मरम्मत की जा चुकी है। मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर शिकायत मिल रही है कि कई लाइटें मरम्मत के महज कुछ घंटे बाद ही दोबारा खराब हो जा रही हैं। इससे नगर परिषद की कार्यप्रणाली के साथ एजेंसी की मरम्मत व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

नगर प्रबंधक स्तुति सिन्हा ने भी इस स्थिति पर नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि एजेंसी की ओर से मरम्मत के दौरान घटिया सामान लगाए जाने के कारण कुछ ही घंटों में लाइटें फिर खराब होने की शिकायत कार्यालय को मिल रही है। बुधवार को उन्होंने एजेंसी के कर्मियों के साथ इस मामले में गंभीरता से बातचीत की और व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए।

373 लाइटें लगाने के मामले में कड़ी चेतावनी 

नगर प्रबंधक ने बताया कि शहर की करीब ढाई हजार नई और पुरानी स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की समीक्षा की जा रही है। डबल ईएसएल कंपनी को 373 लाइटें लगाने के मामले में कड़ी चेतावनी दी गई है। 

नगर परिषद का प्रयास है कि खराब लाइटों को जल्द दुरुस्त कर शहर की गलियों और सड़कों को रोशन किया जाए, ताकि ठंड के मौसम में लोगों को अंधेरे और आवागमन की परेशानी से राहत मिल सके।

यह भी पढ़ें- बक्सर में दर्दनाक हादसा: एक ही बाइक पर सवार थे दो युवक, पीछे से आए ट्रक ने कुचला


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।