विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर में दर्दनाक हादसा: एक ही बाइक पर सवार थे दो युवक, पीछे से आए ट्रक ने कुचला

Published: Wed, 25 Nov 2026 09:55 AM (IST)

बक्सर के अहिरौली में एनएच 922 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मुआवजे और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी।

बक्‍सर में सड़क हादसे में दो की मौत। सांकेत‍िक तस्‍वीर

बक्‍सर में सड़क हादसे में दो की मौत। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. बक्सर में एनएच 922 पर दो युवकों की मौत।

  2. अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवारों की जान गई।

  3. स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम की।

जागरण संवाददाता, बक्सर। औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिरौली के समीप एनएच 922 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे में मृतकों की पहचान सिमरी थाना के काजीपुर निवासी छोटू चौधरी और मध्यप्रदेश के सहजापुर अंतर्गत लधावत गांव निवासी मुकेश के रूप में की गई है।

मंगलवार की रात करीब 9:30 बजे हुई घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग के साथ दोषी ट्रक चालक को पकड़ने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को समझा बुझाकर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

औद्योगिक थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि ददन हांडी नामक रेस्टोरेंट के समीप रात 9:30 बजे के लगभग दोनों व्यक्ति एक ही ग्लैमर बाइक पर सवार होकर बक्सर से दलसागर की ओर जा रहे थे।

तभी पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक की रगड़ से बाइक अनियंत्रित होकर किनारे की ओर गिर गई, जबकि दोनों सवार ट्रक की तरफ जा गिरे, जिससे ट्रक दोनों को रौंदते हुए निकल गया। 

बाइक सवार दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद एनएच 922 को जाम कर लोग मुआवजे के साथ दोषी चालक को पकड़ने की मांग करने लगे।

एक ही बाइक पर सवार बक्सर से दलसागर की ओर जा रहे थे दोनों

उग्र भीड़ को किसी तरह शांत कराते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मध्यप्रदेश निवासी मृतक मुकेश की जेब से चार चक्का गाड़ी की चाबी मिली है। 

इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह चालक होगा और दोनों किसी काम से बक्सर आने के बाद देर रात वापस सिमरी जा रहे थे।

इस बीच घटना की सूचना मिलते ही सिमरी निवासी मृतक के घरवाले आ गए हैं। शव का पोस्टमार्टम के बाद उन्हें सौपने की प्रक्रिया चल रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।