विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या की तर्ज पर विकसित होगा श्रीरामेश्वरनाथ मंदिर, सीएम सम्राट चौधरी ने दिया भरोसा

Published: Sat, 23 May 2026 09:40 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बक्सर दौरे पर रामरेखा घाट स्थित श्रीरामेश्वरनाथ मंदिर के भव्य विकास का आश्वासन दिया।

सीएम सम्राट चौधरी। (सोशल मीडिया)

सीएम सम्राट चौधरी। (सोशल मीडिया)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बक्सर का दौरा किया।

  2. रामेश्वरनाथ मंदिर के भव्य विकास का आश्वासन दिया।

  3. अयोध्या की तर्ज पर कायाकल्प की बात कही।

राजेश तिवारी, बक्सर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को बक्सर दौरे के दौरान रामरेखा घाट स्थित श्रीरामेश्वरनाथ मंदिर के भव्य विकास का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार बक्सर पहुंचे सम्राट चौधरी ने गंगा और ठोरा नदी के संगम क्षेत्र में स्थित श्रीवामन भगवान मंदिर और गंगा के तट पर अवस्थित श्री रामेश्वरनाथ मंदिर के दर्शन-पूजन के दौरान मंदिरों के विकास को लेकर महत्वपूर्ण संकेत दिए।

उनके दौरे को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया। मुख्यमंत्री सबसे पहले सेंट्रल जेल परिसर स्थित श्री वामन भगवान मंदिर पहुंचे, जहां पंडित मुक्तेश्वर शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका विधिवत पूजन-अर्चन कराया।

इसके बाद वे रामरेखा घाट स्थित प्रभु श्रीराम द्वारा स्थापित माने जाने वाले ऐतिहासिक श्रीरामेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे। यहां रामेश्वरनाथ मंदिर के पुजारी विक्की पांडेय, गोवर्धन पांडेय एवं कृष्णानंद शास्त्री पौराणिक जी ने मुख्यमंत्री की पूजा-अर्चना संपन्न कराई।

मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने वहां पूजा करा रहे पंडितों से बातचीत की और पूछा कि वे मंदिर के लिए क्या चाहते हैं। इस पर पंडितों ने श्रीरामेश्वरनाथ मंदिर और रामरेखा घाट को अयोध्या की तर्ज पर भव्य धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करने की मांग रखी।

मुख्यमंत्री ने मुस्कराते हुए मंदिर और घाट के समग्र विकास का भरोसा दिलाया। उनके इस आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।

पर्यटन की दृष्ठि से होगा कायाकल्प

स्थानीय श्रद्धालुओं का मानना है कि यदि रामरेखा घाट और श्रीरामेश्वरनाथ मंदिर का धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से कायाकल्प होता है, तो बक्सर को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी।

इससे न केवल स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी भारी इजाफा होगा। बता दें कि ऐतिहासिक और धार्मिक रूप से समृद्ध बक्सर के रामरेखा घाट पर हर साल केवल बिहार ही नहीं, बल्कि आसपास के राज्यों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु पवित्र स्नान और दर्शन के लिए आते हैं। मुख्यमंत्री के इस कदम से अब इसके दिन बहुरने की उम्मीद जग गई है।

यह भी पढ़ें- बक्सर: अत्यधिक धूल के कारण नहीं उतर पाया सीएम सम्राट का हेलीकॉप्टर, आनन-फानन में 4 किलोमीटर दूर करवाई गई लैंडिंग