घर से निकलने से पहले देख लें बक्सर का नया ट्रैफिक प्लान, छठ तक कई सड़कों पर नो-एंट्री; देखें रूट
बक्सर पुलिस ने छठ पूजा के दौरान भीड़ और यातायात सुचारू रखने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। 13 ...और पढ़ें

बक्सर का नया ट्रैफिक प्लान (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
13 से 16 नवंबर तक प्रमुख मार्गों पर वाहन प्रतिबंधित।
चारपहिया वाहनों के लिए दो वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए।
शहर में सात स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई।
जागरण संवाददाता, बक्सर। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बक्सर पुलिस ने शहर में वाहनों के परिचालन को लेकर नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत 13 नवंबर की दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर की सुबह 10 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित या आंशिक रूप से नियंत्रित रहेगा।
ज्योति चौक से थाना चौक तक केवल दोपहिया वाहनों को अनुमति मिलेगी। वहीं, 15 और 16 नवंबर को नाथ बाबा पुल से थाना चौक तक भी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
प्रमुख मार्गों पर लागू रहेगा प्रतिबंध
इसके अलावा थाना चौक से रामरेखाघाट, पीपी रोड, मुनिम चौक, पुराना सदर अस्पताल और मठिया पुल तक 13 से 16 नवंबर तक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
मुनिम चौक से जमुना चौक, ठठेरी बाजार होते हुए थाना चौक तक तथा सिंडिकेट से जमुना चौक तक भी इसी अवधि में यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। सेंट्रल जेल से सिपाही घाट तक 15 और 16 नवंबर को वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
दो वैकल्पिक मार्गों से चलेंगे वाहन
चारपहिया वाहनों, ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के लिए दो वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पहला मार्ग गोलंबर से सिंडिकेट, बाइपास रोड, ज्योति चौक, आइटीआइ रोड और मठिया मोड़ होते हुए दानी कुटिया तक जाएगा। दूसरा मार्ग गोलंबर से सिंडिकेट, बाइपास रोड, ज्योति चौक, अंबेडकर चौक और रेलवे स्टेशन होते हुए इटाढ़ी गुमटी तक निर्धारित किया गया है।
सात स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
वाहनों की पार्किंग के लिए सिंडिकेट के पास, डीएवी स्कूल, बुनियादी स्कूल, आईटीआई मैदान, रेलवे स्टेशन के बगल में समाहरणालय से रेलवे पटरी की ओर जाने वाली सड़क के दाहिने हिस्से और बाजार समिति में स्थान चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर चारपहिया वाहन, ऑटो रिक्शा और मोटरसाइकिल खड़े किए जा सकेंगे। वहीं, किला मैदान के पीछे केवल दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं को मिलेगी छूट
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रोगियों, एंबुलेंस और अत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के लिए नो इंट्री लागू नहीं होगी। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से अपील की गई है कि वे घर से निकलते समय अपने साथ रेलवे टिकट अवश्य रखें।
साथ ही आम नागरिकों से अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई है। इसके अतिरिक्त 15 नवंबर की दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर की सुबह 10 बजे तक बक्सर शहर में सभी प्रकार के बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।