छठ खत्म होते ही बदल गई बक्सर के घाटों की सूरत: जिसे आस्था से सजाया, उसी घाट पर अब लगा कचरे का अंबार
बक्सर के डुमरांव अनुमंडल में छठ महापर्व के बाद घाटों की सूरत बिगड़ गई है, जहां युवाओं द्वारा साफ किए गए स्थान अब कचरे से भरे पड़े हैं।

छठ घाटों पर फैली गंदगी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
छठ महापर्व के बाद घाटों पर कचरे का अंबार।
युवाओं के श्रमदान से साफ हुए घाट फिर गंदे।
स्वच्छता के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी पर उठे सवाल।
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। लोक आस्था और पवित्रता का महापर्व छठ संपन्न होते ही अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न घाटों की सूरत बिगड़ने लगी है। जिस घाट को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने के लिए युवाओं ने दिन-रात मेहनत की थी, वहीं अब कचरे का अंबार लगा है।
थर्मोकोल की थालियां, प्लास्टिक के गिलास, प्लेट और पूजा सामग्री के अवशेष घाटों पर बिखरे पड़े हैं। आस्था के इस महापर्व के बाद घाटों की बदहाल स्थिति स्वच्छता के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर रही है।
पर्व से पहले चमके घाट, बाद में पसरी गंदगी
डुमरांव शहर के छठिया पोखरा, नया तालाब, रानी तालाब के अलावा कोरान सराय, ठोरी पांडेयपुर, मुरार, चौगाईं, अरैला, अरियांव, लाखनडिहरा, नंदन, आमसारी, बैदा, नया भोजपुर, पुराना भोजपुर, फफदर, नचाप और ओझावरांव सहित विभिन्न गांवों के घाटों पर युवाओं ने श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया था।
रंगाई-पुताई और सजावट से घाटों को आकर्षक बनाया गया था, लेकिन पर्व संपन्न होते ही वहां धूप-अगरबत्ती के जले अवशेष, प्लास्टिक और थर्मोकोल का कचरा जमा हो गया है।
पर्व के साथ ही खत्म हो जाती है स्वच्छता की जिम्मेदारी
छठ की तैयारियां दीपावली से पहले ही शुरू हो जाती हैं। घरों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई के लिए लोग उत्साह से आगे आते हैं। चंदा जुटाकर घाटों को सजाया-संवारा जाता है, लेकिन पर्व के बाद वही उत्साह नदारद हो जाता है।
सवाल यह है कि जिस घाट को पवित्र बनाने के लिए इतनी मेहनत की गई, उसे स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
यह भी पढ़ें- बक्सर में 4 साल की बच्ची से 45 वर्षीय अधेड़ ने किया दुष्कर्म का प्रयास, पुलिस ने किया गिरफ्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।