20 फीट हवा में उछली कार, एक ही झटके में उजड़ गए 4 परिवार; बक्सर में बारात की खुशियां मातम में बदलीं
चौसा-मोहनिया मार्ग पर सोनपा के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

मृतक अरुण के रोते -बिलखते परिजन। (जागरण)
संवाद सहयोगी, चौसा/राजपुर (बक्सर)। चौसा-मोहनिया मार्ग पर सोनपा के समीप गुरुवार की देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी अभिनंदन कुमार के अनुसार, कार की गति काफी तेज थी। इसी दौरान हनुमान राय के डेरा के समीप कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक को टक्कर मारने के बाद कार सड़क पर करीब 20 फीट ऊपर उछलकर दूसरी ओर चाट में पलट गई। हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य जख्मी हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पल भर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
शादी समारोह में होने जा रहे थे शामिल
बताया जाता है कि हुंडई आई-20 कार पर सवार पांच लोग उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के भतौरा गांव से रामगढ़ थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
वहां रामनिवास राम के पुत्र की शादी थी। बारात की मुख्य गाड़ी आगे निकल चुकी थी और कार सवार पीछे से आ रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सामने जा रही बाइक से टकरा गई।
हादसे में कार सवार इरफान अंसारी (25), अरबाज खान (25) और बादल कुमार (30) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों की मौत से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों के बीच मातम पसर गया।
वहीं, बाइक पर सवार तीन युवक भी हादसे की चपेट में आ गए। जानकारी के अनुसार, मृतक अरुण कुमार (20 वर्ष) उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के उतरौली गांव का निवासी था। वह अपने मामा सोनपा के हरेराम के घर आया हुआ था। वहां से वह सौरी स्थित अपनी बुआ के घर जा रहा था।
उसे छोड़ने के लिए दो युवक बाइक से साथ निकले थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। अरुण ने अस्पताल ले जाने के क्रम में दम तोड़ दिया। हादसे में चार अन्य लोग जख्मी हुए हैं।
इनमें दो को सदर अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, जबकि दो अन्य इलाज के लिए घटनास्थल से ही वाराणसी चले गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
क्षतिग्रस्त कार और सड़क पर बिखरे सामान दुर्घटना की भयावहता बयां कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- बिहार के बक्सर में भीषण सड़क हादसा: बाइक-कार की टक्कर में 4 लोगों की मौत; चार गंभीर