विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर बिजली घर से SJVN की आय में भारी उछाल, कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत

Published: Sun, 22 Nov 2026 05:41 PM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी ने बक्सर ताप बिजली घर की दूसरी इकाई राष्ट्र को समर्पित की, जिससे एसजेवीएन लिमिटेड का तिमाही राजस्व 107% बढ़कर 2,244.32 करोड़ रुपये हो गया।   

बक्सर पॉवर प्लांट। फोटो जागरण

बक्सर पॉवर प्लांट। फोटो जागरण

HighLights

  1. प्रधानमंत्री ने बक्सर ताप बिजली घर की दूसरी इकाई राष्ट्र को समर्पित की।

  2. एसजेवीएन का तिमाही राजस्व 107% बढ़कर 2,244.32 करोड़ रुपये हुआ।

  3. नई परियोजना के खर्चों से शुद्ध लाभ पर अभी असर दिख रहा है।

जागरण संवाददाता, बक्सर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते शनिवार को बक्सर ताप बिजली घर की दूसरी इकाई राष्ट्र को समर्पित की।

चौसा स्थित 1,320 मेगावाट के बक्सर ताप बिजली घर से उत्पादन शुरू होने के बाद एसजेवीएन लिमिटेड की कमाई में बड़ा इजाफा हुआ है।

कंपनी का तिमाही राजस्व अक्टूबर-दिसंबर 2025 के 1,081.97 करोड़ रुपये से बढ़कर जुलाई-सितंबर 2026 में 2,244.32 करोड़ रुपये हो गया। यानी इसमें 107 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

इसमें बक्सर बिजली घर सहित सहायक इकाइयों का योगदान 235.84 करोड़ से बढ़कर 827.33 करोड़ रुपये पहुंच गया। यह कंपनी के कुल राजस्व का करीब 37 प्रतिशत है।

इस बिजली घर का संचालन एसजेवीएन थर्मल पावर लिमिटेड (एसटीपीएल) करती है, तो सतलज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) की सहायक कंपनी है।

अगले कुछ महीनों में इसका विलय एसटीपीएल का विलय एसजेवीएन में ही करने की तैयारी है। एसजेवीएन के बोर्ड ने इसकी मंजूरी पहले ही दे दी है। इससे कंपनी के प्रशासनिक खर्चे कम होंगे।

उत्पादन क्षमता बढ़ी

बक्सर बिजली घर की पहली इकाई नवंबर 2025 और दूसरी इकाई सितंबर 2026 में चालू हुई थी। दोनों इकाइयों से कंपनी की उत्पादन क्षमता में 1,320 मेगावाट की वृद्धि हुई।

बिजली घर से पहले एसजेवीएन की कुल स्थापित क्षमता करीब 2,500 मेगावाट थी। इस तरह चौसा परियोजना ने कंपनी की क्षमता में आधे से अधिक का इजाफा किया है।

एसजेवीएन मुख्य रूप से जल विद्युत उत्पादन करती रही है। चौसा उसकी पहली ताप विद्युत परियोजना है। इससे कंपनी को जल विद्युत के साथ सालभर कोयला आधारित बिजली उत्पादन का भी आधार मिला है।

बिजली नियामक आयोग के आदेश के बाद नवंबर 2025 से बिजली उत्पादन के बकाये के रूप में कंपनी को 40.42 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय भी हुई।

राजस्व में वृद्धि, मुनाफे में उल्टा असर

राजस्व में इस बढ़ोतरी का पूरा लाभ अभी शुद्ध मुनाफे में नहीं दिख रहा है। जुलाई-सितंबर 2026 में मूल कंपनी का शुद्ध लाभ 736.73 करोड़ रुपये था, जबकि सहायक इकाइयों के खर्च जोड़ने के बाद संयुक्त शुद्ध लाभ 657.72 करोड़ रुपये रहा। यानी करीब 79 करोड़ रुपये का अंतर रहा।

इसकी वजह नई परियोजना के कर्ज पर ब्याज, मशीनों का मूल्यह्रास और अन्य परिचालन खर्च हैं। निर्माण के दौरान परियोजना की लागत में जुड़ने वाला ब्याज व्यावसायिक उत्पादन शुरू होने के बाद कंपनी के लाभ-हानि खाते में दर्ज होने लगा है।

जनवरी-मार्च 2026 में इन शुरुआती खर्चों के कारण कंपनी को संयुक्त रूप से 117.84 करोड़ रुपये का घाटा भी हुआ था।

बिजली घर तक कोयले की आपूर्ति के लिए स्थायी रेलवे साइडिंग बनने के बाद ढुलाई खर्च घटने की उम्मीद है। इस पर अभी आरंभिक चरण में कार्य चल रहा है।

फिलहाल कोयला नजदीक रेलवे कार्गो टर्मिनल से सड़क मार्ग के माध्यम से ढोया जाता है। दोनों इकाइयों का उत्पादन और क्षमता उपयोग स्थिर होने पर परियोजना की आय और मुनाफे में भी सुधार हो सकता है।

प्रमुख आंकड़े

- बिजली घर की क्षमता : 1,320 मेगावाट
- पहली और दूसरी इकाई : नवंबर 2025 और सितंबर 2026
- एसजेवीएन का पुराना तिमाही राजस्व : 1,081.97 करोड़ रुपये
- नया तिमाही राजस्व : 2,244.32 करोड़ रुपये
- राजस्व में वृद्धि : करीब 107 प्रतिशत
- सहायक इकाइयों का नया राजस्व : 827.33 करोड़ रुपये
- कुल राजस्व में इनकी हिस्सेदारी : करीब 37 प्रतिशत
- पुराने बिजली बकाये की अतिरिक्त आय : 40.42 करोड़ रुपये
- जुलाई-सितंबर 2026 का संयुक्त शुद्ध लाभ : 657.72 करोड़ रुपये

यह भी पढ़ें- जहानाबाद के लिए खुलेंगे तरक्की के दो हाईवे, एक और 6 लेन एक्सप्रेस-वे बदलेगा कारोबार से सफर तक की तस्वीर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।