लेजर शो में बक्सर का 'विधायक' बदलते ही भड़के आनंद मिश्रा, CM सम्राट चौधरी से शिकायत की तैयारी
बक्सर के रामरेखा घाट पर लेजर शो में पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी को वर्तमान विधायक बताने पर भाजपा विधायक आनंद मिश्रा ने नाराजगी जताई है।

विधायक आनंद मिश्रा। (फाइल फोटो)
HighLights
लेजर शो में गलत पहचान पर विधायक आनंद मिश्रा नाराज।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिकायत करने की बात कही।
नगर परिषद अधिकारी को लापरवाही का जिम्मेदार ठहराया।
जागरण संवाददाता, बक्सर। जिला मुख्यालय स्थित रामरेखा घाट पर नगर विकास विभाग द्वारा आयोजित विशेष लेजर शो के दौरान कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी को बक्सर सदर का वर्तमान विधायक बताए जाने पर भारी हंगामा खड़ा हो गया।
कार्यक्रम में मौजूद भाजपा के वर्तमान विधायक एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा ने इस घटना पर तीखी नाराजगी जताते हुए पूरे मामले को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष लिखित रूप से उठाने की बात कही है।
भाजपा विधायक ने इसे उन्हें अपमानित करने की साजिश होने की आशंका जताते हुए इसके लिए नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी ऋत्विक कुमार को जिम्मेदार ठहराया है।
जताया कड़ा ऐतराज
नगर परिषद अधिकारियों द्वारा इसे महज एक दुर्घटना बताए जाने और वीडियो के पूर्व-सत्यापित नहीं होने की बात कहने पर विधायक ने कड़ा ऐतराज जताया।
उन्होंने कहा कि बड़े सार्वजनिक आयोजन में बिना जांच के सामग्री चलाना गंभीर लापरवाही है, क्योंकि इस तरह तो कोई अश्लील सामग्री भी प्रदर्शित की जा सकती थी।
उन्होंने कहा कि कार्यपालक अधिकारी को अगर राजनीति ही करनी है, तो उन्हें नौकरी छोड़ देनी चाहिए। घटना को लेकर विधायक के समर्थकों में भी गहरा आक्रोश देखा गया।
इस कार्यक्रम के दौरान डीएम साहिला, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे। हालांकि, यह विवादित हिस्सा जिला पदाधिकारी (डीएम) साहिला के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले ही प्रसारित हो चुका था।
एक ओर जहां विधायक ने इस चूक पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई, वहीं दूसरी ओर छठ पूजा की बेहतर तैयारियों के लिए स्थानीय जिला प्रशासन और नगर परिषद की सराहना भी की।
विश्व को नया संदेश दे रहा छठ पर्व
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशन में छठ पर्व विश्व को नया संदेश दे रहा है और गंगा में लेजर शो प्राचीन संस्कृति को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का एक सराहनीय प्रयास है।
गौरतलब है कि छठ महापर्व के अवसर पर रामरेखा घाट पर श्रद्धालुओं के लिए पहली बार गंगा की लहरों पर भव्य लेजर शो की व्यवस्था की गई है।
दिल्ली से आई विशेषज्ञों की टीम द्वारा तैयार इस शो का शनिवार शाम गंगा में स्टीमर पर सफल परीक्षण किया गया, जिसका मुख्य प्रसारण रविवार की शाम और सोमवार की सुबह अर्घ्य के समय होगा।
परीक्षण के दौरान फव्वारों के माध्यम से गंगा के पानी पर करीब 100 फीट ऊंची स्क्रीन तैयार की गई, जिस पर छठ की महिमा, बक्सर के आध्यात्मिक पक्ष और मुख्यमंत्री के शुभकामना संदेश को प्रसारित किया गया।
यह भी पढ़ें- बक्सर के चौसा थर्मल पावर प्लांट को लेकर बड़ा फैसला, अब मूल कंपनी SJVN में होगा STPL का सीधा विलय