आज से खुलेगा बक्सर का इटाढ़ी रोड रेलवे क्रासिंग, ROB बंद होने से परेशान लोगों को मिलेगी राहत
बक्सर में इटाढ़ी रोड स्थित रेलवे फाटक संख्या 70 को बिहार सरकार के विशेष अनुरोध पर छह महीने के लिए फिर से खोला जाएगा।

इटाढ़ी गुमटी से आज फिर शुरू हो जाएगा आवागमन। फाइल
HighLights
बक्सर का इटाढ़ी रोड रेलवे फाटक छह माह के लिए खुला।
नया रोड ओवरब्रिज (आरओबी) में दरारें आने से बंद हुआ।
स्थानीय लोगों को भारी जाम से मिलेगी बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, बक्सर। बिहार सरकार के विशेष अनुरोध पर रेलवे प्रशासन ने बक्सर रेलवे स्टेशन के पास इटाढ़ी रोड स्थित समपार फाटक संख्या 70 (स्पेशल) को छह महीने के लिए दोबारा खोलने का निर्णय लिया है।
शुक्रवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच इस रेलवे फाटक को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। यह फाटक मई 2026 के अंत में नए रोड ओवरब्रिज (आरओबी) के चालू होने के बाद स्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।
40 करोड़ का आरओबी लंबे समय से है बंद
लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से बने आरओबी को जनता के लिए खोलने के कुछ दिनों के अंदर ही उसमें दरारें और स्लैब धंसने की समस्या आ गई।
सुरक्षा कारणों से आरओबी बंद कर दिया गया, जबकि पुराना फाटक पहले ही बंद हो चुका था। इससे बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर भारी जाम लगने लगा और लोगों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रयास और बिहार सरकार के अनुरोध के बाद रेलवे बोर्ड ने इसे असाधारण मामला मानते हुए सशर्त मंजूरी दी।
आरओबी की मरम्मत पूरी होने तक मिलेगी राहत
पुराने समपार फाटक को दोबारा खोलने की व्यवस्था स्थायी समाधान नहीं, बल्कि आरओबी की मरम्मत पूरी होने तक की गई अस्थायी व्यवस्था है। आरओबी के सुरक्षित होने और दोबारा यातायात के लिए खोले जाने के बाद फाटक को फिर बंद किया जा सकता है।
फिलहाल रेलवे के इस फैसले से उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें आरओबी बंद होने के बाद रोजाना लंबा चक्कर लगाकर बक्सर और इटाढ़ी के बीच आवागमन करना पड़ रहा था।
यह भी पढ़ें- बक्सर वालों के लिए राहत! बंद इटाढ़ी रेलवे गुमटी फिर खुलेगी, सांसद ने बताया कितना करना होगा इंतजार
