विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर वालों के लिए राहत! बंद इटाढ़ी रेलवे गुमटी फिर खुलेगी, सांसद ने बताया कितना करना होगा इंतजार

Published: Sat, 29 Aug 2026 08:49 AM (IST)

बक्सर-इटाढ़ी मार्ग स्थित रेलवे गुमटी को दोबारा खोलने की सैद्धांतिक अनुमति मिल गई है, जिससे शहरवासियों को आवागमन में बड़ी ...और पढ़ें

इटाढ़ी गुमटी से फ‍िर शुरू होगा आवागमन। फाइल

इटाढ़ी गुमटी से फ‍िर शुरू होगा आवागमन। फाइल

HighLights

  1. बक्सर-इटाढ़ी रेलवे गुमटी को दोबारा खोलने की अनुमति मिली।

  2. एक सप्ताह में सभी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होंगी।

  3. क्षतिग्रस्त आरओबी की मरम्मत में हो रही देरी।

जागरण संवाददाता, बक्सर। शहर के लोगों के लिए राहत की खबर है। बक्सर-इटाढ़ी मार्ग स्थित रेलवे गुमटी को दोबारा आम लोगों के आवागमन के लिए खोलने की सैद्धांतिक अनुमति मिल गई है।

सांसद सुधाकर सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि गुमटी खोलने से संबंधित तकनीकी, प्रशासनिक और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।

इन प्रक्रियाओं को पूरा करने में करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है। इसके बाद रेलवे गुमटी को आम आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।

गुमटी खुलने से बक्सर शहर और आसपास के इलाकों से आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

वर्तमान में इस मार्ग पर आवागमन का दबाव बढ़ने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुमटी चालू होने से इस मार्ग पर लगने वाले जाम से भी काफी हद तक राहत मिल सकती है।

30 मई को स्थायी रूप से बंद हुई थी गुमटी

बक्सर-इटाढ़ी रोड स्थित रेलवे गुमटी, समपार फाटक संख्या-70, को रेलवे की ओर से 30 मई को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।

इसके विकल्प के तौर पर रेलवे और राज्य सरकार के समन्वय से रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कराया गया था। लोगों को उम्मीद थी कि आरओबी के चालू होने के बाद आवागमन सुगम हो जाएगा।

हालांकि, गुमटी बंद होने के महज छह दिन बाद ही नवनिर्मित आरओबी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पांच जून से आरओबी मरम्मत के नाम पर बंद है।

आरओबी के बंद रहने से इस इलाके के लोगों की परेशानी और बढ़ गई। लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे कई स्थानों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है।

मरम्मत पूरी होने की तारीख स्पष्ट नहीं

आरओबी की मरम्मत कब तक पूरी होगी, इसे लेकर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की ओर से अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

निगम के अभियंताओं की ओर से पहले जो समयसीमा बताई गई थी, वह भी गुजर चुकी है। ऐसे में लोगों की परेशानी लगातार बनी हुई है।

इसी बीच स्थानीय विधायक सह पूर्व आइपीएस आनंद मिश्रा ने इस मामले को रेलवे बोर्ड के समक्ष उठाया। उन्होंने दिल्ली में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से मुलाकात कर जनहित में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को दोबारा चालू कराने की मांग रखी।

रेलवे बोर्ड चेयरमैन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

MLA

विधायक आनंद मिश्रा के अनुसार, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने मामले पर सकारात्मक रुख दिखाया है। उन्होंने जनसुविधा से जुड़े इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया है।

वहीं, सांसद सुधाकर सिंह की ओर से गुमटी खोलने की सैद्धांतिक अनुमति मिलने की जानकारी दिए जाने के बाद लोगों में जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। अब तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद गुमटी को खोले जाने का इंतजार है।

गुमटी खुलने से इन इलाकों को होगा फायदा

इटाढ़ी रेलवे गुमटी बक्सर शहर को इटाढ़ी की ओर जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग से जोड़ती है। इसके बंद रहने से आसपास के मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को परेशानी होती है।

गुमटी खुलने के बाद इस मार्ग पर दोबारा सीधा आवागमन शुरू हो सकेगा और आरओबी की मरम्मत पूरी होने तक लोगों को वैकल्पिक सुविधा मिल जाएगी।

यह भी पढ़ें- ROB बंद होने के बाद भी नहीं खुली रेलवे गुमटी; बक्सर में अब 18 को रेल रोकने का एलान