विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर में 5 दिन बाद बोरे में मिला लापता युवती का शव, 2 महीने बाद होनी थी शादी

Published: Sat, 21 Feb 2026 04:58 PM (IST)

Bihar Crime News: बक्सर के चक्की थाना क्षेत्र में एक गड्ढे से बोरे में बंद 20 वर्षीय सुनीता कुमारी का शव मिला। शव पांच दिन पुराना और सड़ा हुआ था।

युवती का बोरे में मिला शव। (जागरण)

युवती का बोरे में मिला शव। (जागरण)

HighLights

  1. बोरे में बंद युवती का शव गड्ढे से मिला।

  2. मृतका सुनीता कुमारी की अप्रैल में होनी थी शादी।

  3. परिवार ने अपहरण और हत्या का आरोप लगाया।

संवाद सहयोगी, चक्की (बक्सर)। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत चुन्नी डेरा प्राथमिक मध्य विद्यालय के समीप एक गड्ढे में शनिवार सुबह बोरे में बंद एक युवती का शव मिला।

शव की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आसपास की महिलाओं ने शव की पहचान चुन्नी डेरा गांव निवासी बरमेश्वर यादव की 20 वर्षीय बेटी सुनीता कुमारी के रूप में की।

शव पांच दिन पुराना बताया जा रहा है और पूरी तरह सड़ चुका होने से बदबू आ रही थी। ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय थाने को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर लिया। फोरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू की।

डुमरांव के डीएसपी पोलस्त कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। परिवार के बयान के आधार पर जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

परिवार के सदस्यों के अनुसार, सुनीता कुमारी 16 फरवरी की शाम करीब 7 बजे शौच के लिए घर से बाहर गई थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी। परिवार ने कई दिनों तक खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंत में 20 फरवरी को थाने में सूचना दी गई।

अप्रैल में होनी थी शादी, पिता कोलकाता में चलाते हैं खटाल

मृतका की मां फूल कुमारी देवी ने बताया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। अप्रैल में उसकी शादी तय थी। पिता बरमेश्वर यादव शादी की तैयारियों के लिए 10 दिन पहले कोलकाता चले गए थे, जहां वे गाय-भैंस का खटाल चलाते हैं।

परिवार का आरोप है कि सुनीता का अपहरण कर हत्या की गई। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि परिवार से अब तक लिखित आवेदन नहीं मिला है, हालांकि जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- इलाज कराने आई महिला को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, वैशाली में बच्चा चोरी की अफवाह पर बेकाबू हुई भीड़