बक्सर में डेढ़ दर्जन मवेशियों के शव मिलने से ताजा हुए ढाई साल पुराने जख्म, क्या फिर सक्रिय हुआ तस्कर गिरोह?
चौसा के रामपुर में गड्ढे से मवेशियों के शव मिलने से पशु तस्करी का मुद्दा फिर उठा है। ढाई साल पहले नया भोजपुर में भी कंटेनर में दम घुटने से 17 मवेशियों की मौत हुई थी।

एआई के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। चौसा प्रखंड के रामपुर में गड्ढे से डेढ़ दर्जन मवेशियों के शव मिलने की घटना ने एक बार फिर इलाके में पशु तस्करी और पुराने मामलों की याद ताजा कर दी है।
करीब ढाई वर्ष पहले नया भोजपुर में पकड़े गए मवेशियों से लदे कंटेनर की घटना भी कुछ ऐसी ही भयावह तस्वीर बयां करती है।
उस समय एक ही वाहन में ठूंसकर ले जाए जा रहे 33 मवेशियों में 17 की मौत हो गई थी। शेष मवेशियों की हालत भी बेहद खराब थी। तब घटना ने पशु परिवहन के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाए जाने की हकीकत उजागर कर दी थी।
दरअसल एक अप्रैल 2024 की शाम नया भोजपुर में पुलिस ने मवेशियों से लदे एक कंटेनर को पकड़ा था। जांच में सामने आया था कि मवेशियों को लखनऊ से तस्करी कर आरा ले जाया जा रहा था।
कंटेनर में पशुओं को भेड़-बकरियों की तरह एक-दूसरे के ऊपर ठूंस दिया गया था। न तो उनके खड़े होने की पर्याप्त जगह थी और न ही चारा-पानी तथा चिकित्सा की कोई व्यवस्था।
दम घुटने से गई जान
दम घुटने और अमानवीय तरीके से लादे जाने के कारण 17 मवेशियों की जान चली गई थी। बेजुबानों की यह हालत पशु तस्करी के क्रूर चेहरे को उजागर करने के लिए काफी थी।
उस समय पशु क्रूरता निवारण समिति के निरीक्षक आलोक कुमार के बयान पर ट्रक चालक सह तस्कर के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी मो. गयासुद्दीन, पिता मैनुद्दीन के रूप में हुई थी। हरियाणा नंबर के कंटेनर एचआर 38 टी 3150 को भी जब्त किया गया था।
अधिकारियों के अनुसार, वाहन में निर्धारित मानक से अधिक मवेशियों को लादा गया था। पशुओं के परिवहन से संबंधित जरूरी कागजात भी चालक के पास नहीं थे।
खड़े हुए कई सवाल
फिलहाल चौसा के रामपुर में बड़ी संख्या में मवेशियों के शव मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि तस्करी हेतु ले जा रहे इन बेजुबानों को भी दूसरे स्थान से लाकर यहां गड्ढे में तो नहीं फेंका गया।
हालांकि इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस और पशुपालन विभाग की टीम मामले की पड़ताल में जुटी है। नया भोजपुर की घटना से लेकर चौसा के ताजा मामले तक पशुओं की सुरक्षा और अवैध तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत फिर सामने आ गई है।