बक्सर में भयानक मंजर: सड़क किनारे सड़ रहे थे 18 मवेशियों के शव, इलाके में मची सनसनी
बक्सर के चौसा प्रखंड में सड़क किनारे गड्ढे से करीब डेढ़ दर्जन मवेशियों के शव बरामद हुए हैं। ग्रामीणों की ...और पढ़ें

बक्सर में सड़क किनारे सड़ रहे थे 18 मवेशियों के शव (जागरण फोटो)
HighLights
बक्सर के चौसा में सड़क किनारे मिले मवेशियों के शव।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और अधिकारी कर रहे हैं जांच।
पशु तस्करों द्वारा शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही।
जागरण संवाददाता, बक्सर। जिले के चौसा प्रखंड अंतर्गत रामपुर के पास सड़क किनारे गड्ढे में फेंके गए करीब डेढ़ दर्जन मवेशियों के शव बरामद किए गए हैं। शवों के सड़ने से जब दुर्गंध निकलने लगी तब ग्रामीणों को जानकारी हुई और इसकी सूचना पुलिस और पशुपालन पदाधिकारी को दी गई। मौके पर पहुंचे अधिकारी जांच में जुटे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, शवों से जब दुर्गंध निकलने लगी और ग्रामीणों ने दुर्गंध की दिशा में जाकर देखा तब घटना की जानकारी मिलते ही राजपुर पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार को मौके पर राजपुर पुलिस के साथ पशुपालन पदाधिकारी और चौसा बीडीओ पहुंचकर जांच में जुट गए।
अनुमान लगाया जा रहा है कि क्षेत्र में सक्रिय पशु तस्करों द्वारा मवेशियों को ले जाने के क्रम में किसी कारण से काफी संख्या में मवेशियों की मौत हो जाने पर पकड़े जाने के भय से रात के अंधेरे में सुनसान जगह पर शवो को फेंक तस्कर फरार हो गए।
पुलिस का अनुमान है कि शव कम से कम चार से पांच दिन पुराने हो सकते हैं। मौके पर पहुंचे पशुपालन विभाग के पदाधिकारी मवेशियों का पोस्टमार्टम करते हुए उनकी मौत की वजह पता लगाएंगे। इसके बाद शवो को वही गड्ढे में दफन कर दिया जाएगा।
इतनी अधिक संख्या में मवेशियों की मौत का कारण और शवों को वहां फेकने वालों के बारे में पुलिस पता करने में जुटी है।
बीडीओ ने बताया कि फिलहाल बरामद किए गए मवेशियों के शव वहीं पर प्लास्टिक से ढक दिया गया है। बताते चलें कि कैमूर से सटे इस क्षेत्र में पशु तस्करों की सक्रियता लगातार बनी है और यहां से काफी संख्या में मवेशियों को बंगाल भेजा जाता है।