बक्सर में पूजा पंडालों में दी जाएगी 'पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना' की जानकारी, जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर
बक्सर जिला प्रशासन 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' का लाभ अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए तेजी से काम कर रहा है।

पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना (एआई जेनरेटेज तस्वीर)
HighLights
योजना के लाभ हेतु जिला प्रशासन की पहल तेज।
पूजा पंडालों में लगेंगे शिविर, आवेदन में मिलेगी मदद।
सहायता और जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी।
जागरण संवाददाता, बक्सर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी साहिला ने बैठक कर योजना की प्रगति की समीक्षा की।
डीएम ने कहा कि योजना के लाभों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक परिवार इसका लाभ उठा सकें। समीक्षा के दौरान जिन कनीय विद्युत अभियंताओं के क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 20 प्रतिशत से कम आवेदन प्राप्त हुए हैं, उनसे स्पष्टीकरण लेने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर आवेदन की संख्या बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्य पूरा करने को कहा।
जानकारी देने के साथ आवेदन करने में भी मदद
योजना के प्रचार-प्रसार और आवेदन प्रक्रिया में सहायता के लिए बक्सर शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को योजना की जानकारी देने के साथ आवेदन करने में भी मदद की जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया
डीएम ने अधिकारियों को शिविरों के जरिए अधिकाधिक आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया। डीएम ने सहायक और कनीय विद्युत अभियंताओं को घर-घर जाकर योजना के प्रति जागरूकता फैलाने तथा सोलर संयंत्र अधिष्ठापन की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए संबंधित बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा।
उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए जिला प्रशासन की ओर से 9262398381 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इच्छुक नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
