आरा में शादी की तारीखों पर टेंट, बैंड-बाजा और हलवाई मिलना हुआ मुश्किल; मजदूरी बढ़ने से बढ़ी चिंता
लग्न का मौसम शुरू होते ही शाहपुर (आरा) में शादी-विवाह से जुड़े कारोबार में तेजी आ गई है, जिससे टेंट, डीजे, बैंड-बाजा और हलवाई जैसी सेवाओं की मांग बढ़ गई है।

टेंट, बैंड-बाजा और हलवाई मिलना हुआ मुश्किल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
लग्न के कारण शादी सेवाओं की मांग में भारी वृद्धि।
टेंट, बैंड-बाजा, हलवाई की बुकिंग मिलना हुआ मुश्किल।
कामगारों की मजदूरी में 700-800 रुपये तक की बढ़ोतरी।
संवाद सूत्र, शाहपुर (आरा)। लग्न का मौसम शुरू होते ही शादी-विवाह से जुड़े कारोबार में तेजी आ गई है। टेंट हाउस, डीजे, बैंड-बाजा, कैटरिंग, हलवाई, मैरेज वाहन और हवाई गाड़ियों (लाइटिंग वाहन) समेत तमाम सेवाओं की मांग अचानक बढ़ गई है।
स्थिति यह है कि अधिकांश संचालकों की बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है। अब लग्न की तिथियों में लोगों को जरूरत के अनुसार सामान और सेवा उपलब्ध कराने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
अतिरिक्त बुकिंग लेना मुश्किल
शाहपुर के टेंट संचालकों का कहना है कि 19 नवंबर से दिसंबर के मध्य तक लगभग हर दिन किसी न किसी शादी समारोह की बुकिंग है। कई तिथियों में एक साथ कई कार्यक्रम होने के कारण अतिरिक्त बुकिंग लेना मुश्किल हो गया है।
सहजौली गांव के टेंट हाउस संचालक मो.जलालुद्दीन खान बताते हैं कि लग्न के दिनों में लगातार बुकिंग मिल रही है। अब खाली समय निकाल पाना भी मुश्किल हो गया है।
कामगारों की मजदूरी 700 से 800 रुपये प्रतिदिन
बुकिंग बढ़ने के साथ मजदूरों की मजदूरी में भी इजाफा हुआ है। टेंट लगाने और खोलने वाले मजदूर प्रतिदिन सात सौ रुपये व खोराकी मांग रहे हैं। वहीं शाहपुर के हलवाई शेखर साह, एपल साह, वीरेंद्र कुमार सहित कई हलवाइयों ने बताया कि शादी समारोह में भोजन तैयार करने वाले सहायक कामगारों की मजदूरी भी 700 से 800 रुपये प्रतिदिन तक पहुंच गई है। वाहन चालकों की भी कमोबेश यही स्थिति है।
चालक प्रतिदिन 800 से एक हजार रुपये तक मेहनताना मांग रहे हैं। शाहपुर के वाहन संचालक राजकुमार साह बताते हैं कि गाड़ियों की बुकिंग पहले ही हो चुकी है। लेकिन अब चालक का बढ़ा हुआ रेट परेशानी बढ़ा रहा है। लग्न के मौसम में मांग अधिक होने के कारण हर सेवा का भाव बढ़ गया है। ऐसे में शादी-विवाह का आयोजन करने वाले परिवारों को बजट के साथ-साथ समय पर व्यवस्था जुटाने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।