विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर में ऑर्केस्ट्रा के ठिकाने पर छापा, बंधक बनाई गईं एक नाबालिग समेत 10 लड़कियां मुक्त; 5 गिरफ्तार

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:24 PM (IST)

भोजपुर पुलिस ने धोबहां बाजार में एक ऑर्केस्ट्रा ठिकाने पर छापा मारकर जबरन बंधक बनाई गईं 10 लड़कियों को मुक्त कराया है।

धोबहां से पकड़े गए पांचों आरोपित। (सौ. पुलिस)

धोबहां से पकड़े गए पांचों आरोपित। (सौ. पुलिस)

HighLights

  1. भोजपुर में ऑर्केस्ट्रा ठिकाने से 10 लड़कियां मुक्त कराई गईं।

  2. इनमें 8 छत्तीसगढ़ और 2 भोजपुर की लड़कियां शामिल हैं।

  3. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 के तहत चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

गुरुवार को धोबहां थाना क्षेत्र के धोबहां बाजार स्थित एक बगीचे में संचालित ऑर्केस्ट्रा के ठिकाने पर छापामारी कर जबरन रखी गईं नौ बालिग और एक नाबालिग लड़की को मुक्त कराया गया।

मुक्त कराई गई लड़कियों में आठ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, कोरबा समेत अन्य जिलों एवं दो बिहार के भोजपुर जिले की रहने वाली बताई जा रही हैं।

इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में धोबहां थाना क्षेत्र के शुकुलपुरा निवासी गोपाल कहार, चौरी थाना क्षेत्र के छतरपुर निवासी मो. फैयाज आलम, बबुरा थाना क्षेत्र के गोवर्धनचक निवासी सतीश कुमार और दो महिलाएं शामिल हैं।

दोनों महिलाएं आरोपित छत्तीसगढ़ की रहने वाली हैं। सभी पर लड़कियों को बहला-फुसलाकर लाने और इस धंधे में शामिल करने का गंभीर आरोप है।

आरा सदर एसडीपीओ-वन सुशील कुमार के अनुसार, मुक्त कराई गई सभी लड़कियां छत्तीसगढ़ की रहने वाली हैं। आरोप है कि उन्हें रोजगार देने का झांसा देकर भोजपुर बुलाया गया था। यहां पहुंचने के बाद उन पर जबरन नर्तकी का काम करने का दबाव बनाया जाने लगा था।

घर में बनाया बंधक 

विरोध करने पर उन्हें पिछले कुछ दिनों से झोपड़ी और टिन से घिरे एक घर में बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धोबहां स्थित ऑर्केस्ट्रा के ठिकाने पर दूसरे राज्य की लड़कियों को बहला-फुसलाकर नृत्य कार्य के लिए रखा गया है।

इसके बाद महिलाएं थानाध्यक्ष नीतू कुमारी, धोबहां थानाध्यक्ष सुगंधा और दिशा एक प्रयास की सुनीता कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने छापामारी की।

इस दौरान सभी दस लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराया गया। पुलिस प्राथमिकी कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें- किशनगंज में मामूली विवाद में इतनी बड़ी घटना, बहू संग खाना खा रही मां पर बरसाए लात-घूंसे, तड़पकर हुई मौत; बेटा ग‍िरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।