दूध की धार से बदली आरा के 700 किसानों की तकदीर, रोजाना 2000 लीटर संग्रह से चमका कारोबार
शाहपुर के डुमरिया स्थित शुभ लक्ष्मी फूड एंड बेवरेजेज एंटरप्राइजेज 700 पशुपालकों से प्रतिदिन 2000 लीटर दूध खरीदकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहा है।

शुभ लक्ष्मी फूड एंटरप्राइजेज के कारखाने में मिठाइयां और पनीर तैयार करते कारीगर। (जागरण)
HighLights
शुभ लक्ष्मी डेयरी 700 पशुपालकों को स्थायी आय दे रहा।
प्रतिदिन 2000 लीटर दूध संग्रह, 3 क्विंटल पनीर उत्पादन।
स्थानीय स्तर पर 20 लोगों को रोजगार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत।
दिलीप कुमार ओझा, शाहपुर (आरा)। ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुपालन को मजबूत आधार देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने में डुमरिया स्थित शुभ लक्ष्मी फूड एंड बेवरेजेज एंटरप्राइजेज अहम भूमिका निभा रहा है।
इलाके में लोग इसे शाहपुर का ‘सुधा डेयरी’ भी कहते हैं। संस्थान से 15 दुग्ध उत्पादक समितियों के करीब 700 पशुपालक जुड़े हैं। जिनसे प्रतिदिन लगभग दो हजार लीटर दूध का संग्रह किया जाता है।
दूध की नियमित खरीद से पशुपालकों को अपनी उपज बेचने के लिए बाजार तलाशने की परेशानी नहीं होती और आमदनी का एक स्थायी माध्यम मिल रहा है।
संस्थान की ओर से समय-समय पर बेहतर दूध उत्पादन और गुणवत्ता बनाए रखने वाले पशुपालकों को सम्मानित भी किया जाता है। इससे पशुपालकों का मनोबल बढ़ने के साथ दुग्ध उत्पादन के प्रति प्रोत्साहन मिल रहा है।
दूध संग्रह की संगठित व्यवस्था ने आसपास के गांवों में पशुपालन को व्यवसाय के रूप में अपनाने की संभावनाएं भी बढ़ाई हैं। इधर लग्न के मौसम में मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ने से संस्थान में उत्पादन भी तेज हो गया है।
रसगुल्ला, पेड़ा और दही किया जा रहा तैयार
यहां प्रतिदिन करीब तीन क्विंटल पनीर के अलावा देसी शुद्ध घी, राजभोग, रसगुल्ला, पेड़ा और दही तैयार किया जा रहा है। शादी-विवाह के आयोजनों में इन उत्पादों की बढ़ती मांग कारोबार को गति दे रही है।
संस्थान के संचालक वेदव्यास सिंह के अनुसार, प्रतिदिन करीब एक से डेढ़ लाख रुपये की बिक्री हो रही है। संस्थान में लगभग 20 लोगों को रोजगार मिला है।
कामगारों को प्रतिमाह 12 हजार रुपये वेतन के साथ भोजन भी दिया जाता है। इस तरह दूध उत्पादन से लेकर मिठाई निर्माण और बिक्री तक की पूरी व्यवस्था स्थानीय किसानों की आमदनी और ग्रामीण रोजगार को एक साथ मजबूत कर रही है।