आरा में पूर्व कस्टम अधिकारी के हत्या के आरोपी शूटर की हाफ पैंट में परेड, थाने से कोर्ट तक पैदल ले गई पुलिस
आरा में पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड के वांछित शूटर पिंटू सिंह को पुलिस ने हाफ पैंट में थाने से कोर्ट तक पैदल परेड कराया।

थाने से कोर्ट तक पैदल ले गई पुलिस
HighLights
शूटर पिंटू सिंह को हाफ पैंट में पैदल परेड कराया।
पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड का आरोपी।
भूमि विवाद में सुपारी किलिंग का मामला सामने आया।
जागरण संवाददाता, आरा। नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ले में पूर्व कस्टम अधिकारी सह क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की हत्या के मामले में गिरफ्तार वांछित शूटर पिंटू सिंह को मंगलवार की अपराह्न पुलिस ने हाफ पैंट में सड़क पर पैदल परेड कराते हुए थाने से कोर्ट तक पहुंचाया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर शहर में चर्चा रही। करीब ढाई किलोमीटर की दूरी पुलिस ने आरोपित को पैदल तय कराई। गिरफ्तार आरोपित पिंटू मूल रूप से बिहिया के झौंवा गांव का निवासी है। वर्तमान में कृष्णानगर,चंदवा मोहल्ला में रहता था।
गिरफ्तारी के डर से नागालैंड भाग गया था शूटर
रामकुमार सिंह हत्याकांड में शामिल शूटर पिंटू सिंह गिरफ्तारी के डर से नागालैंड भाग गया था। पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी को लेकर दबिश दे रही थी। आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसमें हत्याकांड से जुड़े कई अहम राज सामने आने की बात कही जा रही है।
पूछताछ में खुले साजिश के कई राज
भोजपुर एसपी ने बताया कि रामकुमार सिंह हत्याकांड की साजिश में कौन-कौन शामिल था और हत्या को अंजाम देने में किसकी क्या भूमिका रही, इसकी जानकारी पूछताछ के दौरान सामने आई है। भूमि विवाद में सुपारी किलिंग से मामला जुड़ा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम को जोड़कर जांच कर रही है। हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपितों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
पहले भी तीन आरोपितों को पैदल ले गई थी पुलिस
इससे पहले 22 अक्टूबर को हत्याकांड में गिरफ्तार चंदन सिंह, टीपू कुमार और अभिषेक कुमार को भी पुलिस नवादा थाने से कोर्ट तक पैदल लेकर गई थी। उस समय भी करीब ढाई किलोमीटर की दूरी आरोपितों को पैदल तय कराई गई थी। अब शूटर पिंटू सिंह को भी इसी तरह थाने से कोर्ट तक ले जाने की कार्रवाई चर्चा में रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।