आरा पूर्व कस्टम अफसर हत्याकांड में वांछित शूटर पिंटू सिंह पटना से गिरफ्तार, दो शूटर अब भी फरार
आरा में पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य शूटर पिंटू सिंह को ...और पढ़ें

पूछताछ में खुल सकते हैं हत्याकांड के राज
HighLights
पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड में सफलता मिली।
मुख्य शूटर पिंटू सिंह पटना से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी से हत्याकांड की साजिश का खुलासा होगा।
जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ले में हुए पूर्व कस्टम अधिकारी सह क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह हत्याकांड में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। हत्याकांड में शामिल वांछित शूटर पिंटू सिंह को पटना से गिरफ्तार किए जाने की सूचना है।
उसकी गिरफ्तारी पाटलिपुत्र क्षेत्र से होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस की ओर से गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बिहिया के झौवा गांव का रहने वाला है पिंटू
गिरफ्तार पिंटू सिंह भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के झौवा गांव का निवासी बताया जा रहा है। वर्तमान में वह मझौवां में रह रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्याकांड में शामिल अन्य दो शूटरों पवन और नवीन की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पूछताछ में खुल सकते हैं हत्याकांड के राज
शूटर पिंटू की गिरफ्तारी को हत्याकांड के अनुसंधान में महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपितों की भूमिका और घटना के पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि हत्या की साजिश किसने रची और वारदात को अंजाम देने के पीछे क्या वजह थी।
15 अक्टूबर की सुबह हुई थी रामकुमार सिंह की हत्या
मालूम हो कि बीते 15 अक्टूबर की सुबह नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ले में अपराधियों ने पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
घटना के बाद से ही पुलिस शूटरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। अब पिंटू सिंह की गिरफ्तारी को मामले में बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- आरा में पूर्व कस्टम अधिकारी हत्याकांड का खुलासा, जमीन पर कब्जे के लिए 2 लाख में दी गई थी हत्या की सुपारी