विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा में पूर्व कस्टम अधिकारी हत्याकांड का खुलासा, जमीन पर कब्जे के लिए 2 लाख में दी गई थी हत्या की सुपारी

Published: Thu, 22 Oct 2026 10:11 AM (IST)

आरा में सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या का खुलासा हो गया है। जमीन विवाद में 2 लाख रुपये ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफेत में आरोपी

पुलिस की गिरफेत में आरोपी

HighLights

  1. जमीन विवाद में 2 लाख की सुपारी देकर हत्या।

  2. मुख्य आरोपी चंदन सिंह समेत चार गिरफ्तार, हथियार बरामद।

  3. फरार शूटरों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी।

जागरण संवाददाता, आरा। सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी सह क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की हत्या की साजिश पहले से रची गई थी। हत्या को अंजाम देने के लिए अक्टूबर माह के पहले सप्ताह में ही करीब दो लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में दिए गए थे। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुख्य शूटर पिंटू ने हत्या की सुपारी ली थी। इसके बाद उसने अपने सहयोगियों पवन और नंदन समेत अन्य के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। हत्या से पहले कई दिनों तक रेकी किए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार

इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन आरोपितों चंदन सिंह, अभिषेक कुमार और टीपू कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। इससे पहले मनोज सिंह उर्फ लक्की को गिरफ्तार किया जा चुका है। 

WhatsApp Image 2026-10-22 at 8.16.35 AM

पुलिस ने मुख्य आरोपित चंदन सिंह के घर से एक काले रंग की थार गाड़ी, एक पिस्टल, एक मैगजीन और दो गोलियां बरामद की हैं। वहीं, हत्या में शामिल बताए जा रहे शूटर पिंटू, पवन और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज में दिखे थे तीन संदिग्ध, बाइक से भागे थे

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 15 अक्टूबर की सुबह नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ले में रामकुमार सिंह की हत्या करने के बाद आरोपित बाइक से फरार हो गए थे। उनके भागने का रास्ता कतीरा, पकड़ी, मौलाबाग और पुरानी पुलिस लाइन-सलेमपुर रोड बताया जा रहा है। 

पुलिस के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज में गमछे से चेहरा ढककर बाइक चलाता दिख रहा व्यक्ति पिंटू बताया जा रहा है। बाइक पर पीछे दो अन्य सहयोगियों के सवार होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, फरार शूटरों की पहचान और उनकी भूमिका की पुष्टि जांच के दायरे में है।

WhatsApp Image 2026-10-22 at 8.16.36 AM

पुलिस को आरोपितों के वारदात के बाद राज्य से बाहर भागने के संकेत भी मिले हैं। इसी आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पिंटू, पवन और उनके सहयोगियों के पहले सिंगही और चंदवा इलाके में रहने की जानकारी मिली है।

जमीन विवाद में हत्या की साजिश रचने का आरोप

पुलिस के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिंगही गांव स्थित जमीन पर दखल-कब्जा करने की नीयत से रामकुमार सिंह की हत्या की गई थी। इस मामले में मृतक के पुत्र अमित ने 14 नामजद आरोपितों समेत अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अब हत्या की साजिश, सुपारी की रकम और वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपितों में चंदन सिंह सिंगही, टाउन थाना क्षेत्र का निवासी है। अभिषेक कुमार बिंद टोली और टीपू कुमार सिंह चंदवा हाउसिंग कॉलोनी का रहने वाला है। पूर्व में गिरफ्तार मनोज सिंह उर्फ लक्की महुदही गांव, बड़हरा का निवासी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपित चंदन सिंह के विरुद्ध आरा टाउन थाना में तीन और मुफस्सिल थाना में दो पूर्व के आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस की आगे की कार्रवाई

फरार शूटरों की गिरफ्तारी, हत्या में प्रयुक्त हथियारों की कड़ी और सुपारी की रकम के लेन-देन की जांच इस मामले में अहम मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें- आरा कस्टम अफसर हत्याकांड: सिक्किम से बंगाल तक पुलिस को छकाया, दमदम एयरपोर्ट से दबोचा गया मुख्य हत्यारा