दीपावली पर पक्के मकान का सपना सच, भोजपुर के 932 गरीब परिवारों को मिला नया घर
भोजपुर जिले में दीपावली पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 932 गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले।

लाभुकों को सौंपी गई चाबी। (जागरण)
HighLights
भोजपुर में 932 गरीब परिवारों को मिले पक्के मकान।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत हुआ गृह प्रवेश।
जिला प्रशासन ने लाभुकों को सौंपी नए घरों की चाबी।
जागरण संवाददाता, आरा। दीपावली के त्योहार पर भोजपुर जिले के 932 गरीब परिवारों को पक्के मकान का तोहफा मिला।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत नवनिर्मित आवासों में शनिवार को लाभुकों ने पूरे हर्षोल्लास के साथ गृह प्रवेश किया।
इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से लाभुकों को नए घरों की चाबी भी सौंपी गई। वर्षों से पक्के मकान का सपना संजोए परिवारों के लिए दीपावली का त्योहार इस बार दोहरी खुशियां लेकर आया।
नए घर में प्रवेश के साथ ही इन परिवारों को सुरक्षित छत और बेहतर भविष्य की सौगात मिली। जिला समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी मानेश कुमार मीणा ने उपस्थित लाभुकों को नवनिर्मित आवासों की चाबी प्रदान की।
वहीं, उप विकास आयुक्त अरुण प्रकाश ने लाभुकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय और समृद्ध जीवन की कामना की।
14 प्रखंडों में एक साथ गृह प्रवेश
जिले के सभी 14 प्रखंडों में एक साथ गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। योजना के तहत 932 आवासों के निर्माण पर विभाग की ओर से कुल 13.98 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
प्रखंडवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक 200 लाभुकों ने बड़हरा में अपने नए घर में गृह प्रवेश किया। वहीं, पीरो और जगदीशपुर प्रखंड के 150-150 परिवारों को इस योजना का लाभ मिला।
इसके अलावा सहार में 65, चरपोखरी में 58, तरारी में 51, गड़हनी में 50, अगिआंव में 45, शाहपुर में 40, उदवंतनगर में 30, आरा सदर और कोईलवर में 25-25, संदेश में 22 तथा बिहिया में 21 लाभुकों ने गृह प्रवेश किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है।
यह भी पढ़ें- 30 साल पुरानी दोस्ती के लिए 400 KM का सफर: कौन हैं पप्पू सलमान? जिनके एक बुलावे पर प्रयागराज पहुंचे अनंत सिंह