भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर: अनशन पर बैठी मां से मिले पप्पू यादव, मनोज तिवारी पर लगाया विश्वासघात का आरोप
सांसद पप्पू यादव ने भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर में न्याय की मांग को लेकर अनशन पर बैठीं उनकी मां आशा देवी से मुलाकात की।

अनशन पर बैठी मां से मिले पप्पू यादव(सौ. जागरण)
HighLights
पप्पू यादव ने भरत तिवारी की मां आशा देवी से मुलाकात की।
उन्होंने मनोज तिवारी पर परिवार से विश्वासघात का आरोप लगाया।
दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और न्याय की मांग की गई।
संवाद सूत्र, शाहपुर (आरा)। भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर में न्याय की मांग को लेकर उनकी माता आशा देवी के अनशन को समर्थन देने शुक्रवार को सांसद राजीव रंजन उर्फ पप्पू यादव पहुंचे।
उन्होंने अनशन पर बैठीं आशा देवी और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि भरत तिवारी को अब तक न्याय नहीं मिलना उनके परिवार के साथ धोखा हुआ है।
पूरा देश परिवार के साथ
भरत तिवारी की हत्या के मामले में न्याय की लड़ाई में पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा था और आज भी है। सांसद ने कहा कि कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ उठाने के उद्देश्य से भरत तिवारी के परिवार के साथ विश्वासघात किया है।
उन्होंने सांसद मनोज तिवारी पर भी परिवार के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनकी मांगों को गंभीरता से उठाया जाना चाहिए।
तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए
सरकार से मांग की कि मामले में जिन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है, उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। परिवार की यह मांग अब तक पूरी नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
इधर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भरत तिवारी की माता आशा देवी, पिता काशीनाथ तिवारी सहित परिवार के अन्य सदस्य अनशन पर बैठे रहे। अनशन को समर्थन देने क्षेत्र के कई लोग भी पहुंचे। इस दौरान लोगों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।