भोजपुर: छुट्टी पर घर आए नेवी जवान को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला, 2 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
भोजपुर के चांदी थाना क्षेत्र में आरा-चांदी मार्ग पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से नौसेना के जवान मुकेश कुमार ...और पढ़ें

छुट्टी पर घर आए नौसेना के जवान को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला
HighLights
भोजपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से नौसेना जवान की मौत।
आरा-चांदी मार्ग पर जमीरा और चांदी चौक के बीच हादसा।
मुंबई से छुट्टी पर आए जवान मुकेश कुमार की मौत।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र अन्तर्गत आरा-चांदी मार्ग पर सोमवार की देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक नेवी जवान की मौत हो गई। हादसा जमीरा और चांदी चौक के बीच हुआ।मृ
तक की पहचान धोबहा थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव निवासी विजेंद्र सिंह के 32 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है। वे भारतीय नौसेना में जवान थे और वर्तमान में महाराष्ट्र के मुंबई में तैनात थे।
हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। हादसे का कारण अनियंत्रित परिचालन बताया जा रहा है।
इधर, मृतक के चचेरे भाई हरेंद्र सिंह ने बताया कि मुकेश दो अक्टूबर को छुट्टी लेकर गांव आए थे। 23 अक्टूबर को ही वापस ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन मुकेश के ससुर महेंद्र सिंह किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं और उनका डायलिसिस चल रहा है।
इसी सिलसिले में सोमवार की देर शाम वे बाइक से अपने ससुर को लाने के लिए चांदी थाना क्षेत्र के कोसीहान गांव जा रहे थे। इसी दौरान जमीरा और चांदी चौक के बीच अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
इसके बाद डायल 112 की पुलिस टीम उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मुकेश अपने दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटा भाई विमलेश कुमार भी नौसेना में जवान है और मुंबई में ही तैनात है। मृतक के परिवार में मां अस्तुरना देवी, पत्नी नेहा कुमारी अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। दो पुत्र प्रतीक एवं प्रत्यूष के सिर से पिता का साया उठ गया है।
