'दशहरा दिखा दिया, अब दीपावली दिखा देंगे...', भोजपुर में रिटायर्ड अफसर हत्याकांड के वकील को धमकी
भोजपुर में सेवानिवृत्त कस्टम अफसर रामकुमार सिंह हत्याकांड से जुड़े अधिवक्ता हरेंद्र सिंह को 10 लाख रुपये की रंगदारी और ...और पढ़ें

सिविल कोर्ट के अधिवक्ता को मोबाइल पर कॉल कर दी धमकी। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
अधिवक्ता हरेंद्र सिंह को मिली 10 लाख की रंगदारी धमकी।
रामकुमार सिंह हत्याकांड से जुड़ा है धमकी और रंगदारी का मामला।
पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर के आधार पर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में सेवानिवृत्त कस्टम अफसर सह क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह हत्याकांड से जुड़े सिविल कोर्ट के एक अधिवक्ता हरेन्द्र सिंह को धमकी दी गई है।
उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया हैं। आरा व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता हरेंद्र सिंह ने इस संबंध में आरा टाउन थाने में प्राथमिकी कराई हैं।
उन्होंने अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन कर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया हैं। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर धमकी देने वाले तत्वों को चिह्नित करने में लगी हैं।
मोबाइल पर कॉल कर मांगी 10 लाख रंगदारी
इसे लेकर लोकेशन व सीडीआर खंगाला जा रहा हैं। एक शख्स को चिह्नित भी कर लिया गया हैं। मूल रूप से संदेश थाना के सारीपुर गांव निवासी अधिवक्ता हरेन्द्र सिंह वर्तमान में आरा टाउन थाना के मीरगंज मोहल्ला में रहते हैं।
प्राथमिकी के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात एक अज्ञात मोबाइल नंबर से अधिवक्ता के मोबाइल पर तीन बार मिस्ड काॅल आया।
इसके बाद उन्होंने उक्त नंबर पर काॅल किया। आरोप हैं कि फोन करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए रामकुमार सिंह के मामले में अधिक सक्रिय रहने पर धमकाया।
रामकुमार सिंह की तरह हत्या की धमकी
उसने कथित तौर पर कहा कि दशहरा दिखा दिया गया हैं, अब दीपावली और होली भी दिखा दी जाएगी। इसके बाद 10 लाख रंगदारी देने की मांग की गई और ऐसा नहीं करने पर रामकुमार सिंह की तरह हत्या कर देने की धमकी दी गई।
अधिवक्ता ने प्राथमिकी में बताया हैं कि धमकी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल भोजपुर एसपी को फोन कर मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की गुहार लगाई।
इसके बाद प्राथमिकी कर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं। बता दें कि 15 अक्टूबर की सुबह नवादा थाना के कनकपुरी मोहल्ला में रामकुमार सिंह की उनके आवास के पास गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी।
अधिवक्ता ने आशंका जताई हैं कि धमकी देने वाला व्यक्ति रामकुमार सिंह हत्याकांड से जुड़ा हो सकता हैं।
आरा के आनंद नगर-पिपरियां व संदेश से जुड़ रहा संदिग्ध का कनेक्शन
जासं,आरा: सिविल कोर्ट से अधिवक्ता हरेन्द्र सिंह को फोन कर धमकी दिए जाने के मामले का कनेक्शन पुलिस की शुरुआती जांच में जिले के संदेश एवं आरा शहर के आनंद नगर-पिपरियां रोड से जुड़ता नजर आ रहा हैं।
शुरुआती जांच में सिम कार्ड यूजर के रूप में जय प्रकाश उर्फ जेपी नामक व्यक्ति का नाम सामने आया हैं, जो मूल रूप से संदेश थाना क्षेत्र का निवासी हैं और वर्तमान में आनंद नगर-पिपरियां रोड में रहता हैं। पुलिस मामले की सत्यता की जांच करने के साथ ही संबंधित व्यक्ति के नाम और पते का सत्यापन करने में जुटी हैं।
