आरा में मानसिक रूप से बीमार महिला की ईंट और डंडे से पीट-पीटकर हत्या, दुष्कर्म की आशंका
आरा के मझौवां बांध के पास एक मानसिक रूप से बीमार अज्ञात महिला की ईंट-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई, जिसका शव अर्धनग्न हालत में मिला।
-1791466738418_m.webp)
जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)
HighLights
आरा में मानसिक रूप से बीमार महिला की पीटकर हत्या।
अर्धनग्न शव बरामद, दुष्कर्म की आशंका पर पुलिस जांच।
सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध सुनील शर्मा गिरफ्तार, पूछताछ जारी।
जागरण संवाददाता, आरा। टाउन थाना क्षेत्र के मझौवां बांध के समीप बुधवार की देर रात मानसिक रूप से बीमार एक अज्ञात अधेड़ महिला महिला की डंडा- ईंट व अन्य वस्तुओं से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
गुरुवार की सुबह अर्धनग्न हालत में शव बरामद किया गया। पुलिस दुष्कर्म की आशंका जताते हुए जांच कर रही है। मृतका के चेहरे और कान पर खून के निशान तथा चोट के जख्म पाए गए हैं।
जख्म के समीप खून लगी ईंट भी मिली है। सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने घटनास्थल से करीब 150 रुपये के खुदरा पैसे और खून लगी ईंट बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध महिला को डंडे से मारते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्ध आरोपित सुनील शर्मा को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपित नवादा थाना के श्रीटोला का निवासी है। वह मझौंवा बांध के समीप एक दुकान में काम करता था। गंदे इरादे से हत्या किए जाने की संभावना जतायी जा रही है।
इधर, सदर एसडपीओ वन सुशील कुमार ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उक्त 45 वर्षीय अज्ञात महिला मानसिक रूप से बीमार थी मझौवां बांध और निजी स्कूल व नाला मोड़ के आसपास घूम-घूमकर मांग-चूनकर जीवकोपार्जन करती थी। उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम
सिविल सर्जन डॉ. शिवेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड गठित कर महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम के दौरान महिला का वैजाइनल स्वाब भी लिया गया, ताकि दुष्कर्म की आशंका की वैज्ञानिक जांच हो सके। बोर्ड में आन ड्यूटी चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार, डॉ. प्रमोद कुमार और महिला चिकित्सक साजिया बदर शामिल थीं।
पुलिस की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट में भी महिला की मौत ईंट व अन्य वस्तुओं से चोट पहुंचाकर हत्या किए जाने का उल्लेख है। साथ ही दुष्कर्म की संभावना को देखते हुए भी जांच की जा रही है और डॉक्टर से भी इस बिंदु पर भी मेडिकल रिपोर्ट मांगी गई है।
हालांकि, मौत का वास्तविक कारण और दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम व मेडिकल रिपोर्ट तथा फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
संदिग्ध आरोपित के कपड़े पर मिले ब्लड के निशान
पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़े गए संदिग्ध आरोपित सुनील शर्मा के कपड़े पर भी ब्लड के निशान मिले है। जिसे पुलिस ने प्रिर्जव कर लिया है। एफएसएल ने भी साक्ष्य एकत्रित किए है।
