बिहार पहुंची झारखंड पुलिस, वांटेड हिस्ट्रीशीटर के घर चस्पा किया इश्तेहार; सरेंडर ना करने पर कुर्की की चेतावनी
झारखंड पुलिस ने भोजपुर के सलेमपुर गांव में गोलीकांड के वांटेड हिस्ट्रीशीटर राहुल दुबे के घर पर न्यायालय का इश्तेहार चस्पा किया।
-1788712655675_m.webp)
वांटेड के घर पर इश्तेहार चस्पाती झारखंड पुलिस। (जागरण)
HighLights
झारखंड पुलिस ने भोजपुर में हिस्ट्रीशीटर के घर इश्तेहार चस्पाया।
राहुल दुबे गोलीकांड में वांटेड, 50 से अधिक मामले दर्ज।
आत्मसमर्पण न करने पर संपत्ति कुर्क करने की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, आरा। झारखंड के लातेहार जिले की पुलिस ने रविवार को भोजपुर जिले के धोबहा थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में दबिश देकर गोलीकांड में वांटेड हिस्ट्रीशीटर के घर पर न्यायालय से जारी इश्तेहार चस्पा किया। राहुल झारखंड का चर्चित गैंगस्टर है। मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले का निवासी है।
पुलिस टीम ने आरोपित के घर के अलावा सलेमपुर चौक पर भी इश्तेहार की प्रति चस्पा कर स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी।
लातेहार पुलिस के अनुसार बालूमाथ थाना क्षेत्र में घटित गोली कांड में राहुल दुबे उर्फ जयशंकर दुबे उर्फ छोटू दुबे को प्राथमिकी आरोपित बनाया गया है।
उसके विरुद्ध प्राथमिकी की गई है। न्यायालय से निर्गत इश्तेहार अधिपत्र का विधिवत तामिला आरोपित के घर पर स्थानीय ग्रामीणों और स्वजन की मौजूदगी में कराया गया।
इसके बाद धोबहा थाना क्षेत्र के सलेमपुर चौक पर भी इश्तेहार की प्रति चस्पा कर आम लोगों को इसकी सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा है।
उसके विरुद्ध झारखंड के लातेहार, पलामू, रामगढ़, रांची समेत अन्य जिलों में 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें गोलीकांड समेत अन्य गंभीर आपराधिक मामले शामिल बताए गए हैं।
लातेहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय अथवा संबंधित थाना में निर्धारित समय पर आरोपित द्वारा आत्मसमर्पण नहीं करने की स्थिति में उसके विरुद्ध संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान स्थानीय धोबहा थाना की पुलिस भी मौजूद थी।