भोजपुर: 50 हजार रुपये की सुपारी देकर मां और सगे भाई की कराई हत्या, जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
जगदीशपुर के तेंदुनी गांव में मां-बेटे के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। संपत्ति विवाद में बड़े बेटे ...और पढ़ें

50 हजार रुपये की सुपारी देकर मां और सगे भाई की कराई हत्या, जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
HighLights
जगदीशपुर में मां-बेटे के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया।
संपत्ति विवाद में बड़े बेटे-बहू ने 50 हजार की सुपारी देकर हत्या कराई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी बेटे और बहू को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
संवाद सहयोगी, जगदीशपुर (आरा)। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में हुए मां-बेटे के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, संपत्ति विवाद में मृतका रामवती देवी के बड़े पुत्र दिनेश कुमार और बहू शांति देवी ने कथित तौर पर 50 हजार रुपये की सुपारी देकर रामवती देवी और अपने सगे भाई सुनील कुमार की हत्या की साजिश रची थी। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार के बीच करीब चार-पांच बीघा जमीन को लेकर बहुत दिनों से विवाद चल रहा था। इसमें फोरलेन पर स्थित लगभग एक बीघा बेशकीमती जमीन भी शामिल थी, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
इसी जमीन को लेकर परिवार में विवाद गहराता जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के चलते मां और बेटे की हत्या की साजिश रची गई।
मंगलवार की रात अपराधियों ने हथौड़ी और चाकू से वार कर रामवती देवी और उनके छोटे बेटे सुनील कुमार की हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मृतका की बेटी विभा देवी के बयान पर जगदीशपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसमें बड़े बेटे दिनेश कुमार, बहू शांति देवी सहित तीन लोगों को नामजद किया गया है, जबकि पांच-छह अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
गुरुवार को जगदीशपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसडीपीओ रवि कुमार ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि बड़े बेटे दिनेश कुमार और बहू शांति देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
वहीं, इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जगदीशपुर थानाध्यक्ष आशीष कुमार साह भी मौजूद रहे।
अपनी ही मां और सगे भाई की हत्या की साजिश में बड़े बेटे और बहू की गिरफ्तारी की खबर से तेंदुनी गांव सहित पूरे भोजपुर जिले में चर्चा का माहौल है।
यह भी पढ़ें- भोजपुर में मां-बेटे की बेरहमी से हत्या, कमरे में सोते वक्त गला रेता; हिरासत में बड़ा बेटा और बहू
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।