भोजपुर में मां-बेटे की बेरहमी से हत्या, कमरे में सोते वक्त गला रेता; हिरासत में बड़ा बेटा और बहू
भोजपुर के जगदीशपुर में मां-बेटे की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने संपत्ति विवाद के शक ...और पढ़ें

घर में मौजूद लोगों ने नहीं मचाया शोर, पुलिस कर रही जांच
HighLights
भोजपुर में मां-बेटे की धारदार हथियार से निर्मम हत्या।
सोते समय कमरे में गला रेता, हथौड़ी से भी वार।
संपत्ति विवाद में बड़े बेटे-बहू को हिरासत में लिया गया।
जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में मंगलवार की देर रात मां और बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई। दोनों अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया गया और हथौड़ी से भी वार किए गए। बुधवार की अहले सुबह घर से दोनों के शव बरामद हुए।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में मृतका के बड़े बेटे और बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है।
कमरे में सो रही मां और बेटे पर किया हमला
मृतकों की पहचान तेंदुनी गांव निवासी स्वर्गीय विश्वामित्र सिंह की 60 वर्षीय पत्नी रामवती कुंवर और उनके 30 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है।
दोनों के गर्दन, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं। घटनास्थल से पुलिस ने एक हथौड़ी भी बरामद की है। आशंका है कि हमले में इसका भी इस्तेमाल किया गया।
बड़े बेटे और बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थानाध्यक्ष आशीष कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मृतका के बड़े बेटे दिनेश कुमार और उसकी पत्नी शांति देवी को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है। दिनेश के एक हाथ पर चोट का निशान भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
आठ नकाबपोश अपराधियों के घुसने की बताई कहानी
हिरासत में लिए गए दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की देर रात करीब डेढ़ बजे आठ नकाबपोश अपराधी घर में घुस आए। उस समय उसकी मां और छोटा भाई कमरे में सो रहे थे।
अपराधियों ने दोनों की हत्या कर दी। दिनेश का दावा है कि मां और भाई को बचाने के प्रयास में उसके हाथ में भी चोट लग गई। हालांकि, पुलिस उसके बयान की सत्यता की जांच कर रही है।
घर में मौजूद लोगों ने नहीं मचाया शोर, पुलिस कर रही जांच
पुलिस के अनुसार, घटना के समय घर में दिनेश और उसकी पत्नी भी मौजूद थे। लेकिन वारदात के दौरान किसी तरह के शोर-शराबे की जानकारी सामने नहीं आई।
आसपास के ग्रामीणों को भी तत्काल घटना का पता नहीं चला। बाद में दिनेश ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जगदीशपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, संपत्ति विवाद की आशंका
घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस संपत्ति विवाद समेत हत्या के सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।
मृतका की बहन के आने का भी इंतजार किया जा रहा है। उनसे पूछताछ के बाद मामले से जुड़े कुछ और तथ्य सामने आ सकते हैं।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।