नालंदा में एक बाइक पर सवार थे 5 दोस्त, रास्ते में आया कुत्ता और पलभर में उजड़ गईं 3 जिंदगियां; दो सगे भाइयों की मौत
नालंदा के हरनौत में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर ...और पढ़ें

हादसे में तीन किशोरों की मौत
HighLights
हरनौत में बाइक हादसे में तीन किशोरों की मौत।
कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक डिवाइडर से टकराई।
मृतकों में दो सगे भाई, इलाके में शोक का माहौल।
जागरण संवाददाता, हरनौत (नालंदा)। बिहार के नालंदा जिले के हरनौत में मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। एनएच पर पिलर संख्या 51 के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
बाइक पर पांच दोस्त सवार थे। हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
एक बाइक पर पांच दोस्त निकले थे घूमने, रास्ते में काल बनकर आया कुत्ता
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात पांचों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर बाजार की ओर घूमने निकले थे। बाइक गौतम कुमार चला रहा था। इसी दौरान हरनौत थाना क्षेत्र में एनएच पर पिलर संख्या 51 के पास अचानक एक कुत्ता सामने आ गया।
कुत्ते को बचाने के लिए बाइक चालक ने संतुलन संभालने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार सभी पांचों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे में तीन किशोरों की मौत, दो की हालत गंभीर
इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान सबनहुआडीह गांव निवासी स्वर्गीय विलास यादव के 19 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार तथा हरनौत के आदर्शनगर निवासी 15 वर्षीय अभिमन्यु उर्फ मनु और 13 वर्षीय अनीश कुमार के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे में घायल 14 वर्षीय अमित कुमार और रवि कुमार का बिहारशरीफ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक साथ तीन युवकों की मौत से हरनौत और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पटाखे फोड़ने के बाद अचानक बाइक लेकर निकल गए थे पांचों दोस्त
गौतम के भतीजे गुड्डू ने बताया कि मंगलवार की रात सभी किशोर घर के पास पटाखे फोड़ रहे थे। इसके बाद पांचों अचानक बाइक लेकर घूमने निकल गए। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में ऐसी दुखद खबर मिलेगी।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने गौतम और अभिमन्यु को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनीश, अमित और रवि को प्राथमिक उपचार के बाद बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान अनीश ने भी तोड़ा दम, परिवार के दो बेटों की मौत
बिहारशरीफ सदर अस्पताल में इलाज के दौरान 13 वर्षीय अनीश की भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या तीन हो गई। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतकों में अभिमन्यु और अनीश दो सगे भाई थे।
दोनों भाइयों की एक साथ मौत से आदर्शनगर स्थित उनके घर में कोहराम मच गया है। पिता हरनौत बाजार में किराना दुकान चलाते हैं। वहीं, गौतम भी इसी दुकान में काम करता था। एक ही हादसे ने परिवार और आसपास के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
हरनौत बाजार में पसरा मातम, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद हरनौत बाजार और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन किशोरों की असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है। वहीं, अस्पताल में भर्ती दोनों घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।