भोजपुर में थाना परिसर के अंदर फायरिंग, गोली लगने से होमगार्ड जवान की मौत
भोजपुर के संदेश थाना परिसर में एक होमगार्ड जवान की गोली लगने से मौत हो गई।
-1791744087613_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
संदेश थाना बैरक में होमगार्ड जवान मोनल कुमार राय की मौत।
साथी जवान की सर्विस राइफल से गोली लगने की बात सामने।
पुलिस विवाद और गोली चलने के कारणों की गहन जांच कर रही।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के संदेश थाना परिसर स्थित बैरक में रविवार की रात गोली लगने से एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई।
मृत जवान की पहचान 25 वर्षीय मोनल कुमार राय के रूप में हुई है। वह सहार थाना क्षेत्र के गुलजारपुर गांव निवासी प्रेम शंकर राय के पुत्र थे और संदेश थाना में कार्यरत थे।
जिस साथी जवान की सर्विस रायफल से गोली चलने की बात सामने आ रही है, वह फरार बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, थ्री नाट थ्री सर्विस रायफल से गोली चली थी। गोली जवान के पेट में लगी थी। घटना रविवार की रात करीब 10 बजे की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इधर, एसपी ने जवान को गोली लगने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गोली किन परिस्थितियों में चली और इसके पीछे क्या वजह थी, इसकी पड़ताल की जा रही है। घटना दुर्घटनावश हुई या किसी विवाद के दौरान फायरिंग हुई, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
किसी बात को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बैरक में मौजूद दो जवानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान एक जवान की सर्विस रायफल से अचानक गोली चल गई, जो बैरक में मौजूद होमगार्ड जवान मोनल कुमार राय को जा लगी।
घटना के बाद थाना परिसर में अफरातफरी मच गई। पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल जवान को तत्काल संदेश रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आरा रेफर कर दिया गया।
हालांकि, रास्ते में ही जवान ने दम तोड़ दिया। आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- पुलिस और CBI का डर दिखाकर 15 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट, पटना में रिटायर्ड टीचर से 30 लाख की ठगी
