हेलो-हेलो... यात्रीगण कृपया टिकट लेकर ही यात्रा करें, ग्रामीणों ने थामा माइक; चरपोखरी और हसन बाजार में अनूठी पहल
भोजपुर के चरपोखरी और हसन बाजार में ग्रामीणों ने ट्रेनों के ठहराव की मांग के लिए अनूठा तरीका अपनाया है। वे यात्रियों को टिकट खरीदकर यात्रा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं ताकि रेलवे का राजस्व बढ़े और उनकी मांग को बल मिले।

20 से 25 युवाओं की टीम ने संभाली कमान
HighLights
ग्रामीणों ने ट्रेनों के ठहराव के लिए अनोखा अभियान चलाया।
यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए प्रेरित कर रहे युवा।
राजस्व वृद्धि से रेलवे ठहराव की मांग मजबूत होगी।
संवादसूत्र, चरपोखरी/हसन बाजार (भोजपुर)। ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर अक्सर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन देखने को मिलते हैं, लेकिन आरा-सासाराम रेलखंड पर ग्रामीणों ने अपनी मांग को लेकर अनूठा तरीका अपनाया है।
यहां लोग रेलवे से शिकायत करने के बजाय रेलवे का राजस्व बढ़ाने में जुटे हैं। चरपोखरी रेलवे हॉल्ट पर इन दिनों हेलो-हेलो... यात्रीगण कृपया टिकट लेकर ही यात्रा करें... की आवाज गूंज रही है। खास बात यह है कि यह उद्घोषणा कोई टीटीई या रेलकर्मी नहीं, बल्कि स्थानीय युवा और ग्रामीण कर रहे हैं।
20 से 25 युवाओं की टीम ने संभाली कमान
चरपोखरी, बरनी और आसपास के गांवों के युवाओं ने करीब 15 दिन पहले इस अभियान की शुरुआत की है। इसके लिए 20 से 25 युवाओं की सक्रिय टीम बनाई गई है। इसमें आसपास के गांवों के युवा भी शामिल हैं। टीम प्रतिदिन ट्रेनों के आवागमन के समय हॉल्ट पर पहुंचती है और यात्रियों से संवाद कर उन्हें टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित करती है।
माइक से उद्घोषणा कर यात्रियों को कर रहे जागरूक
युवाओं ने अभियान को व्यवस्थित तरीके से चलाने के लिए माइक और साउंड सिस्टम का सहारा लिया है। ट्रेन आने और जाने के समय लगातार उद्घोषणा की जाती है। बिना टिकट यात्रा करने वाले लोगों को भी समझाकर टिकट लेने के लिए प्रेरित किया जाता है। युवाओं का मानना है कि टिकट बिक्री बढ़ने से हॉल्ट की उपयोगिता रेलवे के सामने बेहतर तरीके से प्रदर्शित होगी।
रेलवे का राजस्व बढ़ेगा तो मजबूत होगी ठहराव की मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार, चरपोखरी हॉल्ट पर लंबे समय से अधिक ट्रेनों के ठहराव की मांग की जा रही है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि टिकटों की बिक्री बढ़ने और रेलवे को अधिक राजस्व मिलने से उनकी मांग को मजबूती मिलेगी।
इसी सोच के साथ विरोध-प्रदर्शन के बजाय रचनात्मक पहल शुरू की गई है। ग्रामीण चाहते हैं कि रेलवे के सामने हॉल्ट से होने वाली आय और यात्रियों की संख्या का ठोस आधार प्रस्तुत किया जा सके।
हसन बाजार में भी पटना-भभुआ इंटरसिटी के ठहराव की मांग
इसी रेलखंड के हसन बाजार रेलवे हॉल्ट पर भी ग्रामीणों की ऐसी ही मुहिम जारी है। यहां पटना-भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है।
कातर निवासी रामनाथ शाह समेत आसपास के ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता यात्रियों के बीच जागरूकता अभियान चला रहे हैं। मिनी साउंड सिस्टम के माध्यम से यात्रियों से टिकट खरीदकर यात्रा करने की अपील की जाती है।
आश्वासन के बाद भी इंटरसिटी के ठहराव का इंतजार
अभियान से जुड़े आनंद कुमार के अनुसार, हसन बाजार हॉल्ट पर राजस्व बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि टिकट बिक्री में वृद्धि होने से रेलवे प्रशासन का ध्यान उनकी मांग की ओर जाएगा। हालांकि, ठहराव को लेकर अब तक आश्वासन ही मिलते रहे हैं और पटना-भभुआ इंटरसिटी के रुकने का इंतजार जारी है।
टिकट बिक्री बढ़ाकर रेलवे तक पहुंचाना चाहते हैं अपनी आवाज
चरपोखरी और हसन बाजार के ग्रामीणों की यह पहल इसलिए खास है, क्योंकि वे अपनी मांग को लेकर विरोध करने के बजाय यात्रियों को जागरूक कर रहे हैं।
उनका मानना है कि टिकट लेकर यात्रा करने से रेलवे का राजस्व बढ़ेगा और क्षेत्र में बेहतर रेल सुविधाओं की मांग को आधार मिलेगा। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी इस अनूठी पहल पर रेलवे प्रशासन भी सकारात्मक निर्णय लेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।