विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ से पहले आरा की फल मंडी में बड़ा उलटफेर, कश्मीर के सेब और तूफान से बिगड़ा केले का गणित; जानिए नए रेट

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:04 PM (IST)

आरा में छठ पूजा के लिए फलों की कीमतें बढ़ी हैं, जिसमें सेब, केला, अनार और अनानास प्रमुख हैं। हिमाचल ...और पढ़ें

छठ से पहले आरा की फल मंडी में बड़ा उलटफेर, कश्मीर के सेब और तूफान से बिगड़ा केले का गणित (AI Generated Image)

छठ से पहले आरा की फल मंडी में बड़ा उलटफेर, कश्मीर के सेब और तूफान से बिगड़ा केले का गणित (AI Generated Image)

HighLights

  1. सेब और केले की कीमतों में 25-30% तक उछाल।

  2. हिमाचल मौसम, अर्णव तूफान से फलों की आपूर्ति बाधित।

  3. छठ पूजा पर श्रद्धालुओं के बजट पर महंगाई का असर।

जागरण संवाददाता, आरा। लोक आस्था के महापर्व छठ (Chhath Puja 2026) की तैयारियों के बीच बाजार समिति में फलों की आवक शुरू हो गई है। खास बात यह है कि इस बार हिमाचल से सेब कम आ रहे हैं, जबकि कश्मीर से इस बार कई प्रमुख फलों की कीमतों में 25 से 30 प्रतिशत तक उछाल बताया जा रहा है।

ऐसे में महंगाई की मार के बीच 22.5 टन सेब मंगवाए जा रहे हैं। बाजार समिति के अध्यक्ष मंटू पांडेय के अनुसार, इस बार हिमाचल प्रदेश में मौसम अनुकूल नहीं रहने के कारण सेब की फसल प्रभावित हुई है। फिलहाल, बाजार में कश्मीर का सेब पहुंच रहा है।

सोमवार को चार ट्रक सेब की आवक हुई। छठ तक करीब 60 से 65 ट्रक सेब पहुंचने की उम्मीद है। बुधवार तक लगभग 22.5 टन सेब की आवक होने की जानकारी दी गई। इसकी कीमत में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 25 से 30 प्रतिशत वृद्धि बताई जा रही है।

केले की कीमतों में भी करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। केला उत्पादक प्रमुख राज्य आंध्र प्रदेश में अर्णव तूफान का असर पड़ने से फसल और आपूर्ति प्रभावित हुई है। फिलहाल, थोक बाजार में एक कानी केले की कीमत 800 से 1000 रुपये बताई जा रही है।

बाजार समिति में करीब 60 से 65 ट्रक यानी 24 टन केला पहुंचने की उम्मीद है। इसमें उत्तर प्रदेश के सीतापुर, गोरखपुर और गाजीपुर जिले के रेवतीपुर से आने वाला केला भी शामिल है।

पकड़ी के रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता अनिल यादव ने कहा कि छठ महापर्व में फल केवल बाजार का सामान नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और लोकविश्वास का प्रतीक हैं। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार भी अपनी हैसियत के अनुसार सूप सजाकर छठी मइया को अर्घ्य देने की तैयारी करते हैं।

इस बार केला, सेब, अनार और अनानास की बढ़ती कीमतें उनके घरेलू बजट को प्रभावित कर रही हैं। ऐसे में महापर्व की खुशियों के बीच महंगाई की चिंता भी घरों तक पहुंच गई है। श्रद्धा में कमी नहीं है, लेकिन पूजा का खर्च जरूर बढ़ता दिखाई दे रहा है।

अनार और अनानास भी महंगे

बंगाल के विधाननगर से अनानास की आवक शुरू हो गई है। इसकी कीमत में भी 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि बताई जा रही है। वहीं, नासिक और गुजरात से करीब दो हजार कार्टन अनार पहुंच रहा है। इसकी कीमत में भी लगभग 30 प्रतिशत उछाल आया है।

आंध्र प्रदेश के सोनम पट से करीब 20 ट्रक नारियल आने की संभावना है। बाजार में इसकी कीमत लगभग 50 रुपये प्रति पीस रहने का अनुमान है।

दूसरी ओर, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से करीब 22 ट्रक संतरा और टिशू आ रहे हैं। इनकी कीमतों में फिलहाल पिछले वर्ष की तुलना में विशेष अंतर नहीं बताया जा रहा है। नारंगी और किनू के भाव भी स्थिर हैं। ईख समेत अन्य फलों की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है।

यह भी पढ़ें- छठ पूजा सिर्फ आस्था नहीं, पूरी 'हेल्थ थेरेपी' है! प्रसाद में छिपा है सेहत का पूरा खजाना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।