खुद की जमीन नहीं, फिर भी खेती से बने लखपति! आरा के हरेराम ने एक ही सीजन में दो बार बेची फूलगोभी की फसल
शाहपुर के भूमिहीन किसान हरेराम महतो ने ढाई एकड़ जमीन पर फूलगोभी की अगात खेती कर लाखों रुपये कमाए हैं। उन्होंने अगस्त से खेती शुरू कर दो बार फसल बेची और तीसरी रोपाई भी कर दी है, जिससे वे अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन गए हैं।

गोभी के खेत में मौजूद हरेराम (सौ. जागरण)
HighLights
भूमिहीन किसान हरेराम ने फूलगोभी की अगात खेती से लाखों कमाए।
ढाई एकड़ पट्टे की जमीन पर सफल फूलगोभी की खेती।
सीधे ग्राहकों को बेचकर बेहतर दाम और अधिक मुनाफा कमाया।
संवाद सूत्र, शाहपुर(आरा)। मेहनत, अनुभव और खेती की नई तकनीक के सहारे किसान अपनी आर्थिक स्थिति बदल सकते हैं। इसकी मिसाल शाहपुर के भूमिहीन किसान हरेराम महतो ने पेश की है। महज ढाई एकड़ जमीन पर फूलगोभी की अगात खेती कर उन्होंने लाखों रुपये की कमाई की है।
खास बात यह है कि अगस्त महीने से शुरू हुई खेती में अब तक वे दो बार फूलगोभी की फसल काटकर बाजार में बेच चुके हैं, जबकि तीसरी फसल की रोपाई भी कर दी है।
फूलगोभी की बिक्री 70 से 80 रुपये तक
हरेराम महतो बताते हैं कि उन्होंने अगस्त महीने में ही फूलगोभी की अगात खेती शुरू कर दी थी। इसका फायदा उन्हें बाजार में बेहतर कीमत के रूप में मिला। सितंबर के अंतिम सप्ताह और अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में शुरुआती फूलगोभी की मांग काफी अधिक थी। इस दौरान एक फूलगोभी की बिक्री 70 से 80 रुपये तक हुई।
शुरुआती बाजार में कम आवक और अधिक मांग के कारण उन्हें अच्छी आमदनी हुई। इसके बाद अक्टूबर महीने में उन्होंने हाइब्रिड फूलगोभी की फसल तैयार की। इस बार उन्होंने बिचौलियों पर निर्भर रहने के बजाय स्थानीय बाजार के साथ खेत से ही सीधे ग्राहकों को गोभी बेचना शुरू किया।
टमाटर, मिर्च और बैंगन की भी खेती
शादी-विवाह के आयोजनों में बड़ी मात्रा में फूलगोभी की आपूर्ति कर उन्होंने अच्छी कमाई की। सीधे ग्राहकों तक पहुंचने से उन्हें अपनी उपज की बेहतर कीमत भी मिली।
हरेराम की सफलता केवल फूलगोभी की खेती तक सीमित नहीं है। इसके पूर्व वे फूलगोभी, टमाटर, मिर्च और बैंगन की पौध तैयार कर नर्सरी के माध्यम से पांच से छह लाख रुपये की कमाई कर चुके हैं।
भूमिहीन होने के बावजूद सीमित जमीन पर लगातार खेती, फसल चक्र का बेहतर प्रबंधन और बाजार की मांग को समझकर उत्पादन करना उनकी सफलता का आधार बना है। अब तीसरी बार फूलगोभी की रोपाई के साथ वे अगली फसल की तैयारी में जुट गए हैं।
पट्टेपर लेते हैं ढाई एकड़ जमीन
उनकी खेती आसपास के किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है कि समय पर अगात खेती और बाजार की जरूरत के अनुसार फसल उत्पादन कर कम जमीन में भी बेहतर आमदनी हासिल की जा सकती है। हरेराम शाहपुर मठिया से ढाई एकड़ जमीन पट्टेपर लेते हैं। जिसका मालगुजारी वो मठिया को प्रत्येक वर्ष देते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।