विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अवरा कुटिले, भौंरा कुटिले, कुटिले यम के दुआर... भैया दूज पर भोजपुर में गूंजा लोकगीत; भाई की सलामती के लिए अनोखी रस्म

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:43 PM (GMT+05:30)

भोजपुर जिले में भैया दूज पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया, जहाँ बहनों ने गोधन कूटकर और रेगनी का कांटा ...और पढ़ें

गोधन कूटते हुए गूंजे सदियों पुराने लोकगीत

गोधन कूटते हुए गूंजे सदियों पुराने लोकगीत

HighLights

  1. भोजपुर में भैया दूज पारंपरिक उल्लास और अनोखी रस्मों के साथ मना।

  2. बहनें गोधन कूटकर और रेगनी का कांटा चुभोकर भाई की लंबी उम्र मांगती हैं।

  3. "अवरा कुटिले..." जैसे लोकगीतों से त्योहार का माहौल भक्तिमय बना।

संवाद सहयोगी, पीरो (भोजपुर)। भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक भैया दूज भोजपुर जिले में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस त्योहार की सबसे खास बात रही बहनों की वह अनोखी रस्म, जिसमें वे गोधन कूटकर और रेगनी का कांटा जीभ पर चुभोकर अपने भाइयों की लंबी उम्र और सलामती की कामना करती हैं।

पीरो समेत जिले के कई इलाकों में मंगलवार को महिलाओं और युवतियों ने सामूहिक रूप से यह परंपरा निभाई। वहीं, कुछ स्थानों पर बुधवार को भी त्योहार मनाने की तैयारी रही।

गोधन कूटते हुए गूंजे सदियों पुराने लोकगीत

भैया दूज के अवसर पर सुबह से ही गांवों और मोहल्लों में महिलाओं और युवतियों के समूह निर्धारित स्थानों पर जुटने लगे थे। पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार गोधन कूटने की रस्म पूरी की गई।

इस दौरान लोकगीतों की गूंज से माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा। बहनें सामूहिक रूप से गाती रहीं- 'अवरा कुटिले, भौंरा कुटिले, कुटिले यम के दुआर...।' इन गीतों में भाई के शत्रुओं से रक्षा और उसके सुखी जीवन की कामना छिपी होती है।

रेगनी का कांटा चुभोकर भाई के लिए मांगती हैं जीवनदान

इस पर्व की एक विशेष रस्म में बहनें रेगनी का कांटा जीभ पर चुभोने की परंपरा निभाती हैं। लोकमान्यता के अनुसार, इस रस्म के माध्यम से बहनें अपने भाई के जीवन में आने वाली बाधाओं और संकटों को दूर करने की कामना करती हैं।

मान्यता है कि इस परंपरा को निभाने वाली बहनों के भाइयों की रक्षा स्वयं यमराज करते हैं। यही वजह है कि इस रस्म का भैया दूज के पारंपरिक आयोजन में विशेष महत्व माना जाता है।

'कुटिले भइया के दुश्मन...' गीत में छिपा है भाई की रक्षा का संदेश

गोधन कूटने के दौरान गाए जाने वाले पारंपरिक गीत इस त्योहार की सांस्कृतिक पहचान हैं। 'कुटिले भइया के दुश्मन, चारों पहर दिन-रात' जैसे गीतों के जरिए बहनें भाई के जीवन से हर संकट दूर होने की कामना करती हैं। पीढ़ियों से चले आ रहे इन लोकगीतों में ग्रामीण समाज की आस्था, पारिवारिक रिश्तों की आत्मीयता और लोकसंस्कृति की झलक मिलती है।

रंग-बिरंगे परिधानों में सजी बहनों से गुलजार हुए आयोजन स्थल

त्योहार को लेकर बहनों में खासा उत्साह दिखा। सुबह-सुबह रंग-बिरंगे परिधानों में सजकर महिलाएं और युवतियां गोधन कूटने के लिए एकत्रित हुईं। कई स्थानों पर महिलाओं के समूह के जुटने से मेले जैसा नजारा देखने को मिला।

गांवों से लेकर शहर के मोहल्लों तक भैया दूज की रौनक रही। सामूहिक आयोजन ने इस पर्व को पारिवारिक उत्सव के साथ सामाजिक मेल-मिलाप का भी अवसर बना दिया।

भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करती है लोकपरंपरा

भैया दूज का त्योहार केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भाई-बहन के स्नेह और विश्वास को व्यक्त करने का अवसर भी है। समय के साथ जीवनशैली में बदलाव आया है, लेकिन भोजपुर के कई इलाकों में गोधन कूटने और पारंपरिक गीत गाने की परंपरा आज भी कायम है। बहनें इन रस्मों के माध्यम से अपने भाइयों की लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं।

यह भी पढ़ें- भाई दूज कब है? बिहार में अनोखी परंपरा, पहले भाई को मारती हैं बहनें; फिर जीभ पर कांटा चुभाकर मांगती हैं लंबी उम्र की दुआ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।