भोजपुर पुलिस ने डेढ़ किलो ब्राउन शुगर के साथ 2 अंतरराज्यीय तस्कर को दबोचा, मणिपुर से आरा लाई जा रही थी खेप
भोजपुर पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आरा में डेढ़ किलो ब्राउन शुगर के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
-1780493912281_m.webp)
डेढ़ किलो ब्राउन शुगर के साथ अंतरराज्यीय दो तस्कर गिरफ्तार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, आरा। राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो एवं भोजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नवादा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर के समीप से डेढ़ किलो ब्राउन शुगर के साथ अंतरराज्यीय दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल भी बरामद किए हैं। इसे लेकर नामजद प्राथमिकी की गई है। गिरफ्तार तस्करों में शाहपुर थाना क्षेत्र के सहजौली गांव निवासी गणेश साह शामिल है, जो वर्तमान में असम के गुवाहाटी में रह रहा था।
दूसरा तस्कर बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी राजकुमार गुप्ता है, जो फिलहाल मणिपुर के सेनापति जिला अंतर्गत मैकरेलू बाजार कालोनी में रह रहा था। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, पटना एवं पुलिस पूछताछ कर अंतरराज्यीय नेटवर्क के बारे में पता लगा रही है।
बरामद ब्राउन शुगर का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य दो करोड़ रुपये से अधिक आंका जा रहा है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक राज ने बताया कि राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो एवं भोजपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मणिपुर से ट्रेन के जरिए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर की खेप आरा लाई जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद संयुक्त टीम ने स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर व त्रिभुवानी कोठी माेड़ के समीप घेराबंदी की। जैसे ही दोनों तस्कर ट्रेन से उतरकर पैदल जा रहे थे, पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पीठु बैग से गणेश साह के पास से 510 ग्राम के दो पैकेट में रखा गया एक किलो 20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। वहीं राज कुमार गुप्ता उर्फ विनोद गुप्ता के पास से 512 ग्राम ब्राउन शुगर एक पैकेट बरामद हुई। कुल करीब 1.532 किलोग्राम ब्राउन शुगर मिला।
इसके बाद पुलिस ने नवादा थाना में दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस दोनों तस्करों से पूछताछ कर उनके अंतरराज्यीय नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
यह भी पढ़ें- भू-माफियाओं की दबंगई! नरकटियागंज सीओ की गाड़ी रुकवाकर चाबी छीनी, दी धमकी
यह भी पढ़ें- खान सर कोचिंग विवाद में घिरे रौशन आनंद: 4 छात्रों से शुरू किया था पढ़ाना, आज पूरे बिहार में पहचान
