भोजपुर में भांजे की हत्या का बदला, बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या; पत्नी गंभीर घायल
भोजपुर के चांदी थाना क्षेत्र में भांजे की हत्या का बदला लेने के लिए एक बुजुर्ग बसंत सिंह की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

भोजपुर में भांजे की हत्या का बदला, बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या; पत्नी गंभीर घायल (AI Generated Image)
HighLights
भांजे की हत्या का बदला लेने के लिए वारदात।
बुजुर्ग बसंत सिंह की लोहे की रॉड से हत्या।
मुख्य आरोपी रामाशंकर सिंह गिरफ्तार, रॉड बरामद।
जागरण संवाददाता, आरा/कोईलवर। भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में सोमवार की दोपहर भांजे की हत्या का बदला लेने के लिए एक बुजुर्ग की लोहे के रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमले में बुजुर्ग की पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतक की पहचान 72 वर्षीय बसंत सिंह के रूप में हुई है, जबकि उनकी 65 वर्षीय पत्नी कुसुम देवी का आरा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित रामाशंकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी बरामद कर लिया गया है।
इधर, सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रतिशोध की बात सामने आई है। रामाशंकर सिंह के भांजे शांतनु सिंह की 16 अक्टूबर की रात पवना बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
शांतनु अजीमाबाद थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव का निवासी था। इस हत्याकांड में बसंत सिंह के नाती अश्वनी सिंह उर्फ मोलू पर आरोप लगा था। पुलिस ने इस मामले में अश्वनी उर्फ मोलू को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, भांजे शांतनु की हत्या के प्रतिशोध में रामाशंकर सिंह ने विशुनपुर गांव में बसंत सिंह और उनकी पत्नी कुसुम देवी पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया।
गंभीर चोट लगने के कारण बसंत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
आरोपित गिरफ्तार, रॉड बरामद
घटना की सूचना मिलते ही चांदी थानाध्यक्ष सुमीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।
एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपित रामाशंकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल लोहे का रॉड भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- 'अंकल' कहकर रुकवाई बाइक, फिर झपट लिया 65 हजार से भरा बैग; भोजपुर में बदमाशों का नया तरीका
यह भी पढ़ें- रामकुमार सिंह हत्याकांड: मुख्य आरोपित चंदन सिंह समेत दो दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार
