सोशल मीडिया पर भोजपुर पुलिस का डिजिटल स्ट्राइक, 120 अकाउंट्स पर एक्शन; 2 क्रिएटर्स ने कान पकड़कर मांगी माफी
भोजपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर अश्लीलता, हिंसा और जातिगत उन्माद फैलाने वाले 120 अकाउंट्स पर कार्रवाई की है, जिनमें से 40 को हटा दिया गया।

एसपी अवधेश दीक्षित: जागरण अकाइव
HighLights
भोजपुर पुलिस ने 120 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर डिजिटल स्ट्राइक की।
अश्लीलता, हिंसा, जातिगत उन्माद फैलाने वाले 40 अकाउंट्स हटाए गए।
पुलिस को चुनौती देने वाले दो युवकों से कान पकड़कर माफी मंगवाई।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में इंटरनेट मीडिया पर अश्लीलता, हिंसा, रंगदारी, अवैध हथियारों का प्रदर्शन और जातिगत उन्माद फैलाने वालों के विरुद्ध भोजपुर पुलिस का डिजिटल स्ट्राइक अभियान लगातार जारी है।
इस अभियान के तहत भोजपुर पुलिस अब तक इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम-फेसबुक की 120 आइडी पर कार्रवाई कर चुकी है।
इनमें से 40 आइडी को टेक डाउन कराया गया है। इसकी जानकारी रविवार को भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने, रील बनाने और समाज में वैमनस्य फैलाने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ऐसे अकाउंट और पोस्ट पर लगातार नजर रख रही है।
पुलिस को चुनौती देने वालों से करवाई उठक बैठक
इधर, रंगदारी वाले गानों को लेकर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी पुलिस को चुनौती देते हुए रील बनाने वाले दो युवकों पर कृष्णागढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई की है।
पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़कर थाने लाया, जहां उनसे कान पकड़वाकर माफी मंगवाई गई। साथ ही भविष्य में इस तरह की गलती नहीं करने की हिदायत दी गई।
संगीत बनाने वालों पर हो चुका है एक्शन
पिछले दिनों रंगदारी व विवादित गानों को लेकर गायकों,गीतकारों व स्टूडियो संचालकों समेत 45 से अधिक के विरुद्ध साइबर थाने में प्राथमिकी की गई थी।
भोजपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जिले से जुड़ी कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट, रील, वीडियो या गीत इंटरनेट मीडिया पर दिखाई देने पर तत्काल पुलिस के आधिकारिक इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म या साइबर थाना को सूचना दें।
सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आपत्तिजनक सामग्री की रिपोर्ट करें, पुलिस का सहयोग करें और सुरक्षित समाज बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
यह भी पढ़ें- बिहार में मंदिर से 2 किलो चांदी और सोने के गहने की चोरी, SP ने 5 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड