आरा: 12 दिन से लापता 5 साल के मणि का दर्दनाक अंत, गड्ढे में मिली लाश; एक संदिग्ध पुलिस की गिरफ्त से फरार
भोजपुर के बलुआ गांव में 12 दिनों से लापता पांच वर्षीय मासूम मणि कुमार का शव पानी भरे गड्ढे से ...और पढ़ें

12 दिन से लापता 5 साल के मणि का दर्दनाक अंत, गड्ढे में मिली लाश
HighLights
पांच वर्षीय मासूम मणि कुमार का शव बरामद।
बलुआ गांव में पानी भरे गड्ढे से मिला शव।
परिवार ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बलुआ गांव से 12 दिनों से लापता पांच वर्षीय मासूम मणि कुमार का शव रविवार की दोपहर गांव में ही पानी भरे गड्ढे से बरामद किया गया। शव जलकुंभी के बीच छुपाकर रखा गया था।
छठ पर्व के उल्लास के बीच मासूम का शव मिलने से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं, स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पानी भरे गड्ढे से बाहर निकलवाया। इसके बाद परिजनों ने शव की पहचान लापता मणि कुमार के रूप में की।
परिजनों ने बच्चे की हत्या कर शव को जलकुंभी के बीच छुपाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
तीन नवंबर से लापता था मासूम
बताया जा रहा है कि विगत तीन नवंबर को बलुआ गांव निवासी अमरजीत प्रसाद का पांच वर्षीय पुत्र मणि कुमार घर से खेलने के लिए निकला था। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया।
काफी खोजबीन के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिलने पर पिता ने मुफस्सिल थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
ड्रोन और खोजी कुत्ते से भी हुई थी तलाश
लापता बच्चे की बरामदगी को लेकर पुलिस ने बलुआ गांव में ड्रोन और खोजी कुत्ते की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया था। इसके बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
इस बीच सात नवंबर को बच्चे की बरामदगी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बलुआ छलका के पास आरा-सलेमपुर मार्ग जाम कर दिया था। सड़क जाम के दौरान ग्रामीणों ने बच्चा चोरी की आशंका जताते हुए जमकर आक्रोश व्यक्त किया था।
तीन संदिग्धों को पकड़कर पुलिस को सौंपा था
इस मामले में ग्रामीणों ने तीन संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इनमें से दो संदिग्धों को पुलिस ने जेल भेज दिया था, जबकि तीसरा संदिग्ध पुलिस हिरासत से फरार हो गया था।
अब 12 दिनों बाद मासूम का शव मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।