भोजपुर में बाढ़ से 21,489 हेक्टेयर फसल तबाह, किसानों के खाते में 31.72 करोड़ पहुंचेगा मुआवजा
भोजपुर जिले के बाढ़ प्रभावित किसानों को दशहरा तक 31.72 करोड़ रुपये का फसल मुआवजा मिलेगा। कृषि विभाग सात प्रखंडों ...और पढ़ें

भोजपुर में बाढ़ से फसलों को हुई भारी क्षति। सौ:कृषि विभाग
HighLights
भोजपुर के बाढ़ प्रभावित किसानों को दशहरा तक मिलेगा फसल मुआवजा।
कृषि विभाग 31.72 करोड़ रुपये की राहत राशि वितरित करेगा।
सात प्रखंडों की 84 पंचायतों के किसान होंगे सीधे लाभान्वित।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में बाढ़ प्रभावित प्रखंडों के किसानों को दशहरा पूजा तक फसल मुआवजा की राशि मिल जाएगी।
इसलिए कृषि विभागकुल सात प्रखंडों के पीड़ित किसानों को फसल क्षति अनुदान की राशि को भेजने की तैयारी कर रहा है। इन प्रखंडों की 84 पंचायतों की कृषि भूमि प्रभावित है।
सब कुछ ठीक रहा तो चालू सप्ताह में फसल मुआवजा की राशि किसानों के बैंक खाते में पहुंच जाएगी। जिला कृषि पदाधिकारी, डाॅ. नीरज कुमार ने बताया कि जिले में बाढ़ का व्यापक असर देखा गया।
फसल मुआवजा के लिए 1,08,275 आवेदन
कुल 21,489.2 हेक्टेयर भूमि में लगी फसलें बर्बाद हो गई। फसलों का भारी नुकसान के लिए 31.72 करोड़ रुपये की राहत राशि दी जाएगी।
इसके लिए 1 लाख 8 हजार 275 किसानों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। इसमें तीन हजार से अधिक आवेदन को अंतिम रूप दे दिया गया है। संबंधित विभाग के पदाधिकारी तेजी से शेष आवेदनों को सत्यापन में लगे हैं।
जिले में निम्न कृषि योग्य क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित
जिले में 15,831.2 हेक्टेयर सिंचित रकबा और असिंचित रकबा 5,657.95 हेक्टेयर बाढ़ से प्रभावित हुआ है। इसमें
प्रखंडवार स्थिति के अनुसार शाहपुर में सबसे अधिक क्षति हुई है।
वहां की 21 पंचायतें प्रभावित हुई हैं और कुल 6,668.65 हेक्टेयर रकबे में फसल को नुकसान पहुंचा। इसी तरह बड़हरा में 21 प्रभावित पंचायत में 4,224 हेक्टेयर रकबा प्रभावित है।
आरा प्रखंड में 20 पंचायत प्रभावित है और 4,127.5 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल नष्ट हुई है। उदवंतनगर के आठ पंचायतों में 3,460 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल क्षतिग्रस्त हुई है। बिहिया की आठ पंचायतों में 1,992 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है।
कोइलवर प्रखंड की चार पंचायतों में 848 हेक्टेयर, जगदीशपुर की 2 पंचायतों में 169 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल नुकसान हुआ है।
बताते चलें कि 33 प्रतिशत क्षति होने पर राहत राशि का प्रावधान है। सिचिंत क्षेत्र के लिए 17,000 प्रति हेक्टेयर, असिंचित क्षेत्र के लिए 8,500 प्रति हेक्टेयर और शाश्वत/बारहमासी फसल के लिए 22,500 रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा राशि दी जाएगी।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि इस मानक के अनुसार, कुल प्रभावित रकबे के लिए कुल आकलित मुआवजा राशि लगभग 31 करोड़ 72 लाख रुपये बनती है।
इसमें सिंचित फसलों के लिए 26 करोड़ 91 लाख और असिंचित फसलों के लिए चार करोड़ 80 लाख की राशि आकलित की गई है।
यह भी पढ़ें- फसल थी नहीं, नुकसान कैसे हुआ? अनुदान के दावों ने कृषि विभाग को चौंकाया, भोजपुर में अब रिपोर्ट खोलेगी राज
