आरा-सहार मार्ग पर हादसा: छठ का प्रसाद बांटकर लौट रहे युवक की मौत, 1 साल के बेटे के सिर से उठा साया
भोजपुर में छठ का प्रसाद बांटकर लौट रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी ...और पढ़ें

मृतक नमेंद्र कुमार की फाइल फोटो।
HighLights
भोजपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत।
छठ का प्रसाद बांटकर घर लौटते समय हुआ यह हादसा।
मृतक नमेंद्र कुमार गाजियाबाद से छुट्टी पर घर आया था।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-सहार मुख्य मार्ग पर रघुनीपुर राइस मिल के समीप सोमवार की देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे में उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक भी जख्मी हो गया।
दोनों छठ महापर्व का प्रसाद बांटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान पवना थाना क्षेत्र निवासी स्व. प्रमोद सिंह के 25 वर्षीय पुत्र नमेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रहकर एक निजी कंपनी में काम करता था। करीब एक महीने पहले छुट्टी लेकर गांव आया था।
हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे खून से लथपथ हालत में आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
रिश्तेदार के घर से प्रसाद बांटकर लौटने के दौरान हादसा
मृतक के दादा जवाहर सिंह ने बताया कि उनके घर में छठ महापर्व हुआ था। सोमवार की शाम नमेंद्र छठ का प्रसाद लेकर चांदी थाना क्षेत्र के जहनपुर गांव स्थित अपने फूफा गणेश सिंह के घर गया था। उसके साथ दूसरे फूफा फागुन यादव भी थे।
प्रसाद बांटने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रघुनीपुर राइस मिल के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नमेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई। वाहन चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। हादसे में फागुन यादव को भी चोटें आई हैं।
युवक की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इधर, नमेंद्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी गुड्डी देवी और एक वर्षीय पुत्र नयन कुमार समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। पति की मौत के बाद पत्नी और मासूम बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।